केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन, सिमडेगा को लेकर की बड़ी घोषणा

झारखंड
Spread the love

झारखंड के दो किसानों वीणा उरांव और मीनू महतो को सम्मानित किया गया

सिमडेगा। रविवार को भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा (नई दिल्ली) द्वारा अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में तीन दिवसीय पूसा कृषि विज्ञान मेले का उद्घाटन केंद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया।

कार्यक्रम स्थल पर परंपरागत तरीके से अर्जुन मुंडा व अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि सिमडेगा को कृषि के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाएंगे। इस मौके पर झारखंड के दो किसानों वीणा उरांव एवं मीनू महतो (हजारीबाग) को सम्मानित किया।

सिमडेगा जिले में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के कृषि विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। स्टेडियम में कुल 50 स्टॉल लगाये गये थे। सभी स्टॉल के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गयी। पूसा कृषि विज्ञान मेला 10 से 12 मार्च तक अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित है।

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि मेले के दौरान देशभर के विभिन्न कृषि संस्थान, कृषि विश्वविद्यालय व कृषि विज्ञान केंद्र नवीन तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। मेले का मुख्य विषय कृषि उद्यमिता, समृद्ध किसान है। उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए मूल्य संवर्धन और फसल विविधता पर तीन दिनों तक चर्चा की जाएगी।

किसानों को आधुनिक कृषि और बागवानी की उन्नत तकनीक को देखने का अवसर मिलेगा, जो उत्पादकता को बढ़ाने में मदद करती है। यहां हर दिन 1000 किसानों को कृषि संबंध प्रशिक्षण और जानकारी दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिले को कृषि के क्षेत्र में आदर्श जिला बनायेंगे। देश के प्रधानमंत्री किसानों की आय कैसे बढ़े, इसकी लगातार चिंता करते हैं। मेला में 40 से अधिक कृषि वैज्ञानिक उपस्थित रहेंगे। वे किसानों को उन्नत फसल की जानकारी देंगे। इस दौरान जिला के सभी प्रखंडों से चयनित किसानों को कल्याण विभाग की ओर से सोलर पंप सेट का वितरण किया गया।