बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष होंगे भाजपा विधायक नंदकिशोर यादव

बिहार देश
Spread the love

पटना। बिहार में सियासी भूचाल के बीच बड़ी खबर आ रही है। बिहार में भाजपा विधायक नंदकिशोर यादव अब बिहार विधानसभा के नए अध्यक्ष हो सकते हैं। इसके लिए वो मंगलवार की सुबह 10:30 बजे नामांकन करेंगे।

बता दें कि, एनडीए की सरकार में इस बार भी बिहार विधानसभा अध्यक्ष का पद बीजेपी को मिला है। एनडीए के पिछले कार्यकाल में भी भाजपा के विजय कुमार सिन्हा ही स्पीकर थे। इस बार उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया है। इस बार पटना साहिब सीट से बीजेपी विधायक नंदकिशोर यादव को बिहार विधानसभा का अध्यक्ष बनाने का फैसला लिया गया है।

26 अगस्त 1953 को जन्मे नंदकिशोर यादव के पिता का नाम स्वर्गीय पन्ना लाल यादव और माता का नाम स्वर्गीय राजकुमारी यादव है। नंद किशोर का पैतृक घर पटना के गोलकपुर (महेंद्रू) में था, जहां आज पटना लॉ कॉलेज का छात्रावास स्थित है। नंद किशोर यादव छात्र जीवन से ही राजनीति में सक्रिय हो गए थे। वो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े थे।

नंदकिशोर यादव का राजनीतिक सफर पटना नगर निगम के पार्षद चुने जाने से शुरू हुआ। वो लगातार 7 बार पटना साहिब क्षेत्र से विधायक का चुनाव जीत चुके हैं। वे लंबे समय तक बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री का विभाग संभाल चुके हैं।

नंदकिशोर यादव स्वास्थ्य मंत्री और पर्यटन मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने सदन में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभाई है। वह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने बिहार में अन्य पदों पर भी योगदान दिया है।

नंदकिशोर यादव ने 1978 में पहली बार पटना नगर निगम पार्षद का चुनाव जीता। इसके बाद 1982 में वह पटना के डिप्टी मेयर चुने गए। साल 1983 में उन्हें पटना महानगर अध्यक्ष बनाया गया और 1990 में वह बीजेपी के युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बने। साल 1995 में नंदकिशोर यादव ने पटना के पूर्वी क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा और विधायक चुने गये।