देश भर में ट्रांसपोर्टरों का चक्का जाम : दूध, पेट्रोल-डीजल और सब्जी के लिए मचा हाहाकार! जानिए झारखंड के हालात

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। देश भर में ट्रांसपोर्टरों के चक्का जाम का असर यह है कि, दूध- पेट्रोल- डीजल और सब्जी के लिए हाहाकार मच गया है। स्थिति बद से बदतर हो रही है। बता दें कि, हिट एंड रन कानून का विरोध पूरे देश में हो रहा है। ऐसे में आम लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को दूध, सब्जी और पेट्रोल-डीजल खरीदने के लिए लंबी – लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है।

केंद्र सरकार के नए हिट एंड रन कानून के खिलाफ ट्रक, डंपर और बस चालकों की हड़ताल आज दूसरे दिन भी जारी है और ड्राइवर इस मांग को लेकर अब सड़कों पर उतर आए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 25 लाख ट्रकों के पहिए थम गए हैं।

राजस्थान, यूपी, एपी, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, पंजाब, झारखंड और उत्तराखंड में आज हालात बिगड़ सकते हैं। कई राज्यों में प्रदर्शन की वजह से पेट्रोल-डीजल, गैस और सब्जी समेत रोजाना की जरुरतें काफी प्रभावित हुई हैं।

इस कारण राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अन्य कई स्थानों पर बसों में सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को जयपुर-दिल्ली एवं जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों पर चालकों के प्रदर्शन के कारण रोडवेज की पर्याप्त बसें नहीं चलने सहित अन्य यातायात को परेशानी हो रही है।

चालकों की हड़ताल के कारण सब्जी, पेट्रोल-डीजल आदि आपूर्ति करने वाली ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी अब इसका असर पड़ने लगा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ने लगी है।

पंजाब ट्रक ट्रांसपोर्ट यूनियन के मुखिया हैप्पी संधू ने मंगलवार को बताया कि राज्य के सभी राष्ट्रीय उच्च मार्गों को बुधवार से पूर्ण तौर पर बाधित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी तक जो बसें चल रही हैं, बुधवार से उसे भी परिचालन की अनुमति नहीं दी जाएगी। संधू ने कहा कि हमारी मांग नहीं माने जाने तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि आज राज्य के जैतों और मोगा में सभी सड़कों को ब्लॉक किया गया।

राष्ट्रव्यापी हड़ताल की वजह से महाराष्ट्र में दूध सप्लाई पूरी तरह से प्रभावित हुई है। दूध ले जाने वाले हजारों ट्रक राष्ट्रीय, अंतर-राज्य या राज्य राजमार्गों पर कई जगहों पर फंसे हुए हैं। बड़ी संख्या में मुंबई वालों को अपनी पसंदीदा सुबह की चाय और बच्चों के लिए दूध के बिना काम चलाना पड़ा। कुछ इलाकों में डिलीवरी सुबह 10 बजे या उसके बाद हुई है।

जारी हड़ताल की वजह से तेल की आपूर्ति न आने से पेट्रोल पंपों पर डीजल – पेट्रोल के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं। वहीं, 10 लीटर से ज्यादा पेट्रोल और डीजल के लिए हिमाचल प्रदेश में एसडीएम से अनुमति लेनी पड़ेगी।

सोमवार को पेट्रोल पंपों पर डीजल न मिलने के कारण राज्य में 25 फीसदी निजी बसों के रूट बंद रहे। ऐसे में अगर तेल की आपूर्ति जल्द बहाल न हुई, तो आने वाले दिनों में बस सेवाएं ठप हो सकती हैं।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।