बिहार में जेडीयू की राजद से कुट्टीः बीजेपी से दोस्ती, 28 जनवरी को मुख्यमंत्री पदकी शपथ लेंगे नीतीश

बिहार देश
Spread the love

पटना। बड़ी खबर बिहार से आ रही है, जेडीयू सुप्रीमो नीतीश कुमार सातवीं बार इस रविवार यानी 28 जनवरी को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। भाजपा के साथ उनकी दोस्ती पक्की और राजद से कुट्टी हो गई है। विश्वस्त सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

उनका यह भी कहना है कि पुराने फॉर्मूले पर ही नई सरकार का गठन होगा। नई सरकार में बीजेपी कोटे से दो उपमुख्यमंत्रियों को शामिल किया जा सकता है। आपको बता दें कि, सुशील मोदी को हटाने के बाद बिहार में बीजेपी ने दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला दिया था।

सूत्रों ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) प्रमुख ने 28 जनवरी के लिए अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। नीतीश रविवार को महाराणा जयंती के अवसर पर एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने वाले थे।

इससे पहले बिहार में जारी सियासी संशय पर सुशील कुमार मोदी ने बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राजनीति में कभी भी किसी के लिए दवाजे सदा के लिए बंद नहीं होते हैं और जरूरत पड़ने पर इन्हें खोला जाता है।

लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने की नीतीश कुमार की शर्त पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। बताते चलें कि, नीतीश कुमार ने महागठबंधन में शामिल कांग्रेस और आरजेडी से भी यही मांग की थी। हालांकि, उन्होंने जेडीयू की शर्त को मानने से इनकार कर दिया था। भाजपा का इस मामले पर क्या स्टैंड होगा, सभी की नजरें इसी पर टिकी हुई हैं।

इधर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने दिल्ली से पटना रवाना होने से पहले कहा, ”राजनीति में दरवाजे परमानेंट बंद नहीं होते, अगर दरवाजा बंद है तो खुल भी सकता है। राजनीति संभावनाओं का खेल है, कुछ भी हो सकता है।”

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार में अगर नई सरकार बनती है, तो सुशील मोदी को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। वहीं, आरजेडी-जेडीयू के गठबंधन से पहले जितने भी मंत्रालय भाजपा के कोटे में थे, उन्हें भगवा खेमे को फिर से दिया जा सकता है। इस बीच खबर यह भी है कि जेडीयू ने अपने सभी विधायकों को पटना बुला लिया है।