Ranchi: श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति ने दिव्यांगों के बीच किया कृत्रिम अंग का वितरण

झारखंड
Spread the love

रांची। श्री भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के बरियातू स्थित तेतरटोली केंद्र में आज (28 दिसंबर 2023) 37 दिव्यांगजनों के बीच कृत्रिम अंग का वितरण किया गया। बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने अपने हाथों से दिव्यांगजनों को सुनने की मशीन दीं। उनसे बात कर सांसद काफी खुश दिखीं। उन्होंने कहा कि समिति और इससे जुड़े लोग बहुत ही नेक काम कर रहे हैं। यहां आकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मैं इस नेक काम की सहभागी बनना चाहूंगी। जब भी मेरी जरूरत लगे, निःसंकोच कहें।

विकलांगों को अत्यधिक खुश देखकर भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, रांची के चेयरमैन ललित केडिया और सेक्रेटरी नेमी अग्रवाल ने कहा कि, संस्था ने पूरे विश्व में 20 लाख दिव्यांगों का अभी तक कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण किया है। झारखंड में 6000 से अधिक कृत्रिम अंग प्रदान किए गए हैं।

मौके पर लायंस क्लब ऑफ रांची ईस्ट के पूर्व अध्यक्ष और समिति के सक्रिय सदस्य रतन लाल अग्रवाल ने इस मानव सेवा कार्य को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति, जयपुर-आधारित एक गैर-लाभकारी संगठन है, जिसकी स्थापना 1975 में डी आर मेहता ने की थी। यह विकलांगों के लिए दुनिया का सबसे बड़ा संगठन है, जो उन्हें कृत्रिम अंग, कैलीपर्स, बैसाखी, एंबुलेटरी एड्स जैसे व्हील चेयर और अन्य सहायता और उपकरण पूरी तरह से मुफ्त प्रदान करते हैं।

मौके पर महुआ माजी, ललित केडिया, नेमी चंद्र अग्रवाल, रतन लाल अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, निर्मल, प्रमोद कुमार के अलावे डॉ एचके साहू, डॉ ऐश्वर्या, रीतेश पटवारी, राम कुमार महतो, सूरज प्रसाद नाथ, कर्मा महतो आदि मौजूद थे।