रांची। झारखंड के खूंटी जिले से बड़ी खबर आई है, जहां पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के 6 सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। नक्सली हथियार से लैस होकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने रनिया के खखसी टोली होते हुए बनई सदान टोली की ओर आ रहे थे।
खूंटी पुलिस को जैसे ही सूचना मिली कि पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूलने के उद्देश्य से ब्लैक टाइगर नाम के नए संगठन के कमांडर अमन खान अपने दस्ते के तीन सदस्यों के साथ हथियार से लैस होकर किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने के लिए बनई सदान टोली की तरफ आने वाला है, तो खूंटी एसपी के आदेश पर एसडीपीओ ओमप्रकाश तिवारी तोरपा के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम का गठन किया गया।
त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से 315 बोर की एक देसी राइफल, 315 बोर की दो कारतूस, 5.56 mm की 35 गोली, पीएलएफआई की चार चंदा रसीद, नगद 10500, चार मोबाइल, दो मोटरसाइकिल और राइफल में मैगजीन रखने वाला एक पाउच बरामद किया है।
अभियान दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ओम प्रकाश तिवारी, पुलिस निरीक्षक दिग्विजय सिंह, सत्यजीत कुमार थाना प्रभारी रनिया, पंकज कुमार थाना प्रभारी जरियागढ़, मनीष कुमार थाना प्रभारी तोरपा, एसआई निशांत केरकेटा संदीप कुमार के साथ पुलिस बल के जवान शामिल थे।