Weather Update : अगले 6 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदलेगा लो प्रेशर एरिया, झारखंड में ये असर

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। उत्तर-पश्चिम और उससे सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर दबाव बना हुआ है। इसके कारण झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। आने वाले कुछ घंटों में राज्‍य के कई जिलों में गर्जन के साथ वज्रपात और बारिश होने की भी संभावना है।

इस बीच रांची मौसम केंद्र ने अपडेट जारी किया है। इसके मुताबिक पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी, बांग्लादेश और म्यांमार के तटों के उत्तर-पूर्व और आस-पास के क्षेत्रों में कल का निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम की ओर एक अवसाद में केंद्रित हो गया है। आज यानी 19 अगस्त, 2022 को यह सुबह उत्तर-पश्चिम और आसपास के उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी के पास केंद्रित था।

इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 6 घंटों के दौरान एक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। इसके आज शाम के आसपास बालासोर और सागर द्वीप समूह के बीच पश्चिम बंगाल और ओडिशा तट को पार करने की संभावना है। यह उत्तरी ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ता रहेगा। धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा।

मौसम केंद्र के मुताबिक इसके कारण 19 अगस्‍त को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की आशंका है। कुछ जगहों पर तेज हवा भी चल सकती है। इसकी गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होने की संभावना है।