CM अरविंद केजरीवाल के एक और मंत्री के ठिकानों पर ED की रेड, जानें पूरा मामला

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। आप पार्टी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक  अरविंद केजरीवाल को दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में आज पेश होने के लिए बुलाया है।

इस बीच जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग से संबंधी एक मामले की जांच के तहत दिल्ली के कैबिनेट मंत्री और आप के नेता राज कुमार आनंद से जुड़े परिसरों पर सुबह छापा मारा। जो बात सामने आ रही है, उसके अनुसार सिविल लाइंस इलाके में स्थित मंत्री से जुड़े परिसरों और कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई जारी है।

छापा मार रहे ईडी की टीम के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की एक टीम भी है। बताते चलें कि, आनंद जिनकी उम्र 57 साल है, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार में सामाजिक कल्याण और एससी/एसटी (अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति) कल्याण मंत्री हैं। वह पटेल नगर से विधायक हैं।

गुरुवार सुबह खबर आई कि दिल्ली सरकार के एक और मंत्री राजकुमार आनंद के घर पर छापेमारी ईडी की टीम कर रही है। ईडी की टीम मंत्री के सिविल लाइंस स्थित आधिकारिक आवास समेत 9 जगहों पर छानबीन में जुटी हुई है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, ईडी की टीम राजकुमार आनंद के बिजनेस से जुड़े मामले में छापेमारी कर रही है। राजकुमार आनंद पर हवाला लेनदेन में शामिल होने का शक जांच एजेंसी को है।

यहां राजकुमार आनंद की बात करें, तो साल 2020 में वे पहली बार पटेल नगर सीट से विधायक बने थे। इससे पहले उनकी पत्नी वीना आनंद भी इसी विधानसभा क्षेत्र से विधायक के पद पर रह चुकीं हैं। दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम की जगह राजकुमार आनंद को कैबिनेट में शामिल करने का काम किया गया था।