पंचायत सचिव और रोजगार सेवक का वेतन बंद, डॉक्‍टर एवं GNM को शोकॉज

झारखंड
Spread the love

दुमका। झारखंड की उप राजधानी दुमका की सुसनियां पंचायत सचिव और रोजगार सेवक का वेतन बंद होगा। कड़बिन्‍धा प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केन्‍द्र के डॉक्‍टर और GNM को शोकॉज जारी करना है। उक्‍त निर्देश उप विकास आयुक्त अभिजीत सिन्हा ने रामगढ़ प्रखंड के निरीक्षण के दौरान दिए।

निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, कड़बिन्धा गए। ज्ञात हुआ कि पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी श्रावणी माह प्रारंभ होने से अबतक एक बार भी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नहीं आयी हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में GNM अनुपस्थित पायी गई। बाह्य स्रोत से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में कार्यरत सफाई कर्मियों को विगत कई माह से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है।

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में आवश्यक दवाओं एवं जांच उपकरणों की उपलब्धता कम पाई गई। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी एवं GNM को अनुपस्थिति के आलोक में कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया। रामगढ़ प्रखंड के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को उक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण कर सुधार लाने का आदेश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र, सुसनियां बन्द पाया गया। उक्त पर खेद व्यक्त करते हुए संबंधित सेविका / सहायिका का 6 सितंबर का मानदेय स्थगित रखने और कारण पृच्छा करने का आदेश दिया गया।

उप विकास आयुक्त द्वारा पंचायत भवन, सुसनियां का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में पंचायत भवन अव्यवस्थित एवं गंदा पाया गया। ग्रामीणों द्वारा शिकायत की गई कि पंचायत भवन नहीं खुलता है। वर्तमान वित्तीय वर्ष में 15वीं वित्त आयोग से योजना नहीं ली गई है। शिकायत की गई कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत मनरेगा से प्राप्त होने वाली मजदूरी राशि निकल गयी है, परंतु लाभुक के खाते में नहीं आयी है।

इसपर उप विकास आयुक्त द्वारा अविलम्ब पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवक का वेतन बंद करने और कारणपृच्छा करते हुए अग्रेतर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए परियोजना पदाधिकारी (मनरेगा), जिला ग्रामीण विकास अभिकरण एवं रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी को गहनता से जांचकर दोषी के विरूद्ध कार्रवाई और राशि सही लाभुक तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।

पंचायत भवन के समीप स्थित मध्य विद्यालय, सुसनियां का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में प्राचार्य को आदेश दिया गया कि प्रत्येक छात्र की आधार सीडिंग कराते हुए बैंक खाता खुलवाना सुनिश्चित करें। विद्यालय में निष्क्रिय चापाकल को दो दिनों के अंदर क्रियाशील कराने का आदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया।

विद्यालय के किचेन की जांच के क्रम में पाया गया कि लकड़ी के चूल्हा पर खाना पकाया जाता है। इस पर उप विकास आयुक्त द्वारा निर्देश दिया गया कि भोजन पकाने की प्रक्रिया में गैस चूल्हा का ही प्रयोग किया जाय। प्राचार्य को निर्देश दिया गया कि सामुदायिक पुस्तकालय एवं विद्यालय के पुस्तकालय को सुव्यवस्थित कर छात्रों के उपयोग में लाएं। छात्रों को सुगम रूप से पुस्तकालय का लाभ प्राप्त हो यह सुनिश्चित करायें। विद्यालय में निर्मित शौचालय स्वच्छ नहीं पाया गया, जिसकी अविलम्ब साफ-सफाई कराने का आदेश दिया गया।

सुसनियां पंचायत के ग्रामीणों ने कृषि के लिए कूप निर्माण की मांग की। इस बिन्दु पर उप विकास आयुक्त ने आदेश दिया गया कि कम से कम 20 सिंचाई कूप योग्य स्थल एवं जरूरत के अनुरूप स्वीकृत किया जाय। सुसनियां पंचायत भवन तक आने वाले रास्ते की मरम्मत के लिए ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखने करने का निर्देश दिया।

सुसनियां ग्राम में जल जमाव की समस्या को दूर करने के लिए सोक पीट निर्माण कराने का आदेश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया गया। पंचायत भवन, विद्यालय और गांव के खराब चापाकल को अविलम्ब क्रियाशील करने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के क्रम में रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार, परियोजना पदाधिकारी चन्द्रशेखर पाण्डे और अन्य पदाधिकारी / कर्मी उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।