न्यू गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस का उद्घाटन आज, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी दिखाएंगी हरी झंडी, ये भी रहेंगे मौजूद

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड को विस्टाडोम कोच वाली पहली इंटरसिटी एक्सप्रेस का तोहफा आज (मंगलवार) 10.30 बजे मिलेगा। विस्टाडोम विस्टा और डोम दो शब्दों से मिलकर बना है। विस्टा का अर्थ होता है परिदृश्य और डोम का अर्थ होता है गुंबद के आकार का, अर्थात गुंबद के आकार वाली ट्रेन से मनोरम परिदृश्यों को देखना है।

यहां बता दें कि, विस्टाडोम कोच अधिकतर पहाड़ी क्षेत्रों के मनोरम दृश्यों का आनंद प्रदान करने के लिए लगाए जाते हैं। इस तरह की ट्रेनें अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होती हैं।

रेलवे के अधिकारी ने बताया कि ट्रेन न्यू गिरिडीह स्टेशन के बीच चलेगी, जो यात्रियों को पहाड़ी और घने जंगल जैसी प्राकृतिक सुंदरता की झलक के साथ यात्रा का एक नया अनुभव मिलेगा।

अधिकारी ने बताया कि इंटरसिटी एक्सप्रेस को मंगलवार को पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत न्यू गिरिडीह स्टेशन से हरी झंडी दिखाई जाएगी।

गिरिडीह में उद्घाटन समारोह में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक केदार हाजरा और झारखंड भाजपा प्रदेश के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद रहेंगे।

पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर जोन के सीपीआरओ बीरेंद्र कुमार ने बताया कि नई इंटरसिटी एक्सप्रेस में पारदर्शी छत वाला विस्टाडोम कोच होगा, जो यात्रियों को यात्रा का एक नया अनुभव देगा।

ट्रेन से बरकाकाना स्टेशन और मेसरा मार्ग पर अद्भुत छटा का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेन पर्वतीय क्षेत्रों, चार सुरंगों और खूबसूरत परिदृश्यों वाले इलाके से गुजरेगी।

ट्रेन रांची से सुबह 6.05 मिनट पर खुलेगी और दोपहर एक बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी। गिरिडीह से दो बजे खुलकर रात नौ बजे रांची पहुंचेगी। इंटरसिटी एक्सप्रेस अपने निर्धारित बरकाकाना-मेसरा-टाटीसिलवे मार्ग के बजाय एक निश्चित अवधि के लिए बरकाकाना-मुरी-टाटीसिलवे मार्ग से चलेगी।

पटना-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस भी अगस्त के पहले सप्ताह से परिवर्तित मार्ग पर चल रही है। सिद्धवार और सांकी के बीच भूस्खलन के बाद मेसरा के माध्यम से निर्धारिक मार्ग यात्री ट्रेनों को बंद कर दिया गया है।