Ranchi में अपराधी बेलगामः कांके ब्लॉक चौक के समीप दिनदहाड़े जमीन कारोबारी अवधेश यादव को मारीं 7 गोलियां, फिर…

झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में अपराधियों ने खूब तांडव मचाया। गुरुवार की सुबह अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलीबारी की। जानकारी के अनुसार लगभग सात राउंड फायरिंग की गई है। अपराधियों ने कुल 7 गोली जमीन कारोबारी को मारी, जिससे वह पूरी तरह घायल हो गया।

इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल भेजा। बता दें कि जमीन कारोबारी की पहचान अवधेश यादव के रूप में की गई है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। आसपास लगे CCTV फुटेज को खंगालने में लगी हुई है।

बताया जा रहा है कि अवधेश यादव अपने एक मित्र के साथ जमीन विवाद के मामले को सुलझाने के लिए घर से बाहर निकला था। जैसे ही वह कांके ब्लॉक चौक के पास पहुंचा, पहले से ही घात लगाए दो अपराधियों ने उसपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

अपराधी बाइक पर सवार होकर आये थे। अपराधियों ने कुल सात गोलियां अवधेश को मारी और फिर वहां से फरार हो गये। फिलहाल, अवधेश को एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार अब तक अवधेश के शरीर से पांच गोली को निकाल लिया गया है। हालांकि जमीन कारोबारी अवधेश की स्थिति नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद इलाके के लोग दहशत में हैं।

यहां बता दें कि इससे पहले 26 जुलाई की रात अज्ञात अपराधियों ने दलादिली चौक स्थित ऑफिस में घुसकर माकपा के युवा नेता सुभाष मुंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुभाष मुंडा पर अपराधियों ने सात-आठ गोलियां चलायी थीं।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल मुंडा को रांची अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था। उनकी हत्या जमीन विवाद में की गयी थी। हत्याकांड के साजिशकर्ता बिनोद कुमार उर्फ कन्हैया के अलावा छोटू खलखो और अभिजीत कुमार पाड़ी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।