BAU : कृषि संकाय में मना शिक्षक दिवस, कुलपति ने किसानों की बेहतरी पर दिया जोर

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) के कृषि संकाय में सोमवार को चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया। समारोह का उद्घाटन कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने किया। विद्यार्थियों ने गुरु वंदना गाकर शिक्षकों का स्वागत किया। शिक्षकों के साथ मिलकर केक कटिंग से समारोह की शुरुआत की। मौके पर आयोजित संस्कृतक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने एकल, समूह गायन एवं नृत्य, नाट्यकला, गेम्स, चुटकुले आदि पेश किया।

इस अवसर पर कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी उर्जा एवं क्षमता का उपयोग हमेशा सही सोच के साथ सही दिशा में करना चाहिए। पढ़ाई के दौरान छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें। मेहनत करें। जीवन में सफलता का अनुशासन एवं उत्पादन मूल मंत्र है।

कुलपति ने कहा कि बीएयू के शिक्षक छात्रों के गुरु और वैज्ञानिक के तौर पर किसानों के भी गुरु माने जाते हैं। किसानों को उन्नत कृषि तकनीकी को प्रशिक्षण, प्रत्यक्षण, प्रसार के विभिन्न माध्यमों से सुलभ कराने में कृषि वैज्ञानिकों की अग्रिम भूमिका होती है।

कृषि शिक्षा का मूल उद्देश्य ही किसानों की बेहतरी और देश-प्रदेश के कृषि का विकास है। शिक्षकों-सह-वैज्ञानिकों की तरह कृषि छात्रों को भी किसानों की बेहतरी की दिशा में तत्पर रहने की जरूरत है। मौके पर कुलपति ने ‘किसानों की पंचायतनामा’ पुस्तक का लोकार्पण किया। इस पुस्तक को किसानों को समर्पित किया। इस पुस्तक में अखबारों में प्रकाशित कृषि वैज्ञानिकों द्वारा लिखित कृषि तकनीकी लेखों का संकलन है।

मौके पर डीन एग्रीकल्चर डॉ डीके शाही ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की तरह शिक्षकों और पूर्ववर्ती छात्रों का सम्मान एवं आदर करने की बात कही। उन्हें कृषि शिक्षा में समयबद्धता एवं अनुशासन के महत्‍व से अवगत कराया।

डीएसडब्‍ल्‍यू डॉ बीके अग्रवाल ने छात्रों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद एवं समाज सेवा से जुड़े रहने पर जोर दिया। मौके एसोसिएट डीन ई डीके रुसिया एवं वार्डन डॉ नीरज कुमार ने भी अपने विचार रखे।

संचालन हर्ष पांडे एवं शशीका सुमन ने किया। समारोह के आयोजन में कुमकुम कुमारी, रजनी वर्मा, पल्लवी सिंह, अंकित कुमार एवं अविनाश सिंह आदि का सहयोग रहा।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।

आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।