हथियारबंद बदमाशों ने किया मस्जिद पर हमला, 7 नमाजियों को उतारा मौत के घाट

दुनिया
Spread the love

नाइजीरिया। दुखद खबर नाइजीरिया के कडूना से आ रही है, जहां एक मस्जिद पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। इसमें नमाज पढ़ रहे कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को कहा, कि नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम कडुना राज्य में हथियारबंद लोगों के एक गिरोह ने एक मस्जिद पर हमला कर दिया, जिसमें कम से कम सात नमाज़ी मारे गए।

कडुना पुलिस के प्रवक्ता मंसूर हारुना ने फोन पर बताया कि, हमला राज्य के इकारा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के सुदूर साया गांव में शुक्रवार देर रात किया गया। जब नमाजी नमाज पढ़ने के लिए जुटे थे। हारुना ने कहा, हमले के दौरान घायल हुए दो अन्य लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

गांव के एक निवासी, हारुना इस्माइल ने मीडिया को बताया कि, “पांच लोगों को नमाज पढ़ते समय मस्जिद के अंदर गोली मार दी गई और अन्य दो को गांव के समुदाय के भीतर गोली मार दी गई।”

भारी हथियारों से लैस गिरोह ने पिछले तीन वर्षों में नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिम में कहर बरपाया है। हजारों लोगों का अपहरण किया है, सैकड़ों लोगों की हत्या की है। कुछ क्षेत्रों में सड़क मार्ग से या खेत तक जाना भी असुरक्षित बना दिया है।

नाइजीरियाई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले के चश्मदीद डैन-असाबे इकारा ने कहा, कि हमले के स्थान से भागते समय पड़ोसी समुदाय ताशिन दाउदा में उन्हीं हमलावरों ने दो अन्य लोगों की हत्या कर दी।

उन्होंने कहा कि, “जब यह घटना घटी, तो मैं वहां था, हम नमाज पढ़ रहे थे। मैं मस्जिद परिसर में था और दो हमलावरों ने अपना चेहरा ढक लिया और गोलीबारी शुरू कर दी।”