रांची। झारखंड की राजधानी रांची के रातू रोड स्थित ‘मॉल ऑफ रांची’ का विधिवत उद्घाटन 13 अगस्त को होगा। शाम 5 बजे से होने वाले उद्घाटन समारोह में इंडियन आइडल स्टार पवनदीप और अरुनिता समां बांधेंगे। यह जानकारी मॉल ऑफ रांची के निदेशक नीतीश अग्रवाल और रिषभ लोहिया ने 10 अगस्त को मीडिया को दी।
नीतीश ने बताया कि मॉल ऑफ रांची में देश-विदेश के 70 ब्रांड के आउटलेट्स हैं। इसमें 4 सिनेमा स्क्रीन भी हैं। विभिन्न दुकान और बुटिक्स की एक विस्तृत श्रृंखला है। यहां लोगों को खरीदारी का अलग ही अनुभव होगा।
मॉल को लोगों की हर ज़रूरत और पसंद को ध्यान में रखकर प्लान किया गया है। लोगों को यहां फैशनेबल कपड़े, जूते, इलेक्ट्रॉनिक्स, घर की सामग्री और बहुत कुछ मिलेंगे।
रांची मॉल ने अपने स्थान का 60% भाग मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए बनाया हैं। यहां नवीनतम मल्टीप्लेक्स सिनेमा भी हैं, जहां सारी नई फिल्में बड़े स्क्रीन पर दिखाई जाएंगी। एक इंडोर मनोरंजन केंद्र भी है, जिसमें सभी उम्र के लोगों के लिए रोमांचक राइड और आकर्षण हैं।
रिषभ ने कहा कि इस मॉल से करीब 1,000 लोगों को रोजगार मिला है। कई ब्रांड के आउटलेट पहली बार रांची में खुले हैं। सरकार को भी विभिन्न तरह के टैक्स के माध्यम से करीब 50 करोड़ का राजस्व मिलेगा। पार्किंग की बेहतर व्यवस्था है।