झारखंड के इन 15 शहरी निकायों के 1.6 लाख घरों को मिलेगा पीने का शुद्ध पानी, खर्च होंगे 1,447 करोड़

झारखंड
Spread the love

  • 1395 किमी बिछेगा वितरण पाइप लाईन, 8.17 लाख लोग होंगे लाभांवित
  • जुडको ने नामीगिरामी कंपनियों की प्रीबिड मीटिंग की, जल्द निकलेगा टेंडर

रांची। झारखंड के 15 शहरी निकायों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। इसके तहत 1,63,393 घरों को निःशुल्क वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। इससे लगभग 8.17 लाख लोग लाभांवित होंगे। इस पर 1447 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

यह राशि एशियन डेवलपमेंट बैंक, विश्व बैंक और अम्रृत योजना से खर्च की जायेगी। इसके लिए जुडको के सभागार में सोमवार को परियोजना निदेशक (तकनीकी) गोपालजी की अध्यक्षता में देश के प्रख्यात कंपनियों की मीटिंग हुई। जल्द ही टेंडर निकाला जायेगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश और नगर विकास सचिव विनय कुमार चौबे के पहल पर यह काम हो रहा है।

इस अवसर पर पीडीटी गोपालजी एवं पीडी एडमिन अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि राज्य के शहरी निकायों में पेयजलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों को आगे आना चाहिए। उप महाप्रबंधक आलोक मंडल ने कंपनियों की शंकाओं का समाधान किया। उप परियोजना निदेशक उत्कर्ष मिश्र ने एडीबी और विश्वबैंक के अधिकारियों के साथ वीडियों कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एजेसिंयो के सवालों का जवाब दिलाया।

महाप्रबंधक जलापूर्ति एसएस सेनगुप्ता ने धन्यवाद किया। मंच संचालन सामाजिक विशेषज्ञ रामाशीष रजक ने किया। कांफ्रेंस में देश की 40 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

शहरी निकायवार योजनाएं

झुमरीतिलैया

यहां योजना पर 146.73 करोड खर्च किये जायेंगे। कुल 25,043 घरों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 4 जलमीनार बनेंगे। 50 किलोमीटर वितरण पाईपलाइन बिछायी जायेगी। 8.7 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा।

मेदिनीनगर

मेदिनीनगर के लिए 165.76 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। कुल 24,711 घरों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 212 किलोमीटर वितरण पाईपलाइन बिछेगी। 4 जलमीनार बनेंगे। 17 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। दोनों योजनाएं एडीबी की हैं।

लोहरदगा

यहां योजना पर 127.47 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 14,300 आवासों को वाटर कनेक्शन से जोड़ा जायेगा। 4 जलमीनार बनेंगे। कुल 171.16 किमी पाईपलाइन बिछेगा। 16.5 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा।

गुमला

यहां की योजना पर 97.69 करोड़ लागत आयेगी। 4 जलमीनार बनेंगे। 15 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। 73.33 किमी वितरण पाईपलाइन बिछेगा। कुल 12,687 घरों को शुद्ध पेयजल मिलेगा।

कपाली

योजना पर 63.38 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 2 जलमीनार बनेगा। 14,110 घरों को जल नल से जोड़ा जायेगा। 13.5 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। 93.11 किमी वितरण पाईपलाइन बिछेगा।

बड़कीसरैया

यहां की योजना पर 38.20 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। एक जलमीनार बनेगा। कुल 4,913 आवासों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 4.5 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। 79.06 किमी वितरण पाईपलाइन बिछेगी।

रेहला-विश्रामपुर

इस निकाय की जलापूर्ति योजना पर 103.73 करोड़ रुपये लागत आयेंगे। 3 जलमीनार बनेगा। 21 एमएलडी क्षमता का जलशोधन संयंत्र बनेगा। 10,271 घरों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। वितरण पाईपलाइन 130 किमी बिछेगी।

महागामा

महागामा में पानी के लिए 72.85 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। यहां 11 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा, 79.86 किमी पाईपलाइन बिछायी जायेगी। 3 जलमीनार बनेंगे। कुल 8,206 घरों को जल नल से जोड़ा जायेगा।

धनवार

धनवार शहर जलापूर्ति योजना पर 63.89 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 2 जलमीनार  बनेगा। 30.93 किमी पाईपलाइन बिछायी जायेगी। 8 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। 5,597 आवासों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा।

डोमचांच

यहां की जलापूर्ति योजना पर 81.32 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। 2 जलमीनार बनेगा। 10 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र  बनेगा। कुल 7,161 आवासों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 45.86 किमी वितरण पाईपलाइन बिछेगी।

जामताड़ा

जामताड़ा की योजना पर कुल 110.06 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। 3 जलमीनार बनेंगे। 8.5 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। 7,860 आवासों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 98.77 किमी वितरण पाईप बिछायी जायेगी।

हरिहरगंज

यहां की योजना पर 82.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 2 जलमीनार बनेगा। 7.28 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। कुल 5,006 घरों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 73.67 किमी वितरण पाईपलाइन बिछायी जायेगी।

बड़हरवा

पेयजलापूर्ति पर 63.25 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 2 जलमीनार बनेगा। 10 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। कुल 7,094 घरों को जल नल से जोड़ो जायेगा। 50 किलोमीटर पाईपलाइन बिछायी जायेगी।

वंशीधरनगर

इस निकाय में पेयजलापूर्ति पर 125.83 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। 2 जलमीनार  बनेगा। 11.56 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। कुल 8,549 आवासों को वाटर कनेक्शन दिया जायेगा। 104.22 किमी वितरण पाईपाइन बिछेगी।

छतरपुर शहर

पेयजल योजना पर 105.95 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे। यहां के 7,825 घरों को जल संबंधन दिया जायेगा। 2 जलमीनार बनेंगे। 10.52 एमएलडी का जलशोधन संयंत्र बनेगा। कुल 103 किमी वितरण पाईपलाइन बिछेगा।