विधायक मथुरा महतो ने “खोरठा गाइड सह प्रैक्टिस वर्क बुक” पुस्तक का किया लोकार्पण

झारखंड
Spread the love
  • बतौर विशिष्ट अतिथि खोरठा साहित्यकार, गीतकार विनय तिवारी रहे मौजूद

धनबाद। “खोरठा गाइड सह प्रैक्टिस वर्क बुक” नामक पुस्तक का लोकार्पण टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने किया। गुरुवार को धनबाद के सिजुआ स्थित अपने आवास पर आयोजित समारोह में मथुरा महतो ने मनोरंजन दास की इस नई कृति को विद्यार्थियों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की प्रतियोगिता परीक्षा के लिए सम्पूर्ण जानकारी से भरी यह पुस्तक निश्चय ही विद्यार्थियों के लिए पठनीय है।

मनोरंजन दास का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। मौके पर झारखण्ड सरकार से सम्मानित खोरठा के साहित्यकार, कवि, गीतकार विनय तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप से उपस्थित हुए। श्री तिवारी ने कहा कि मनोरंजन दास का प्रयास काफी सराहनीय है। उम्मीद है कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पुस्तक काफी उपयोगी साबित होगी।

मौके पर पुस्तक के लेखक मनोरंजन दास ने कहा कि मेरी यह पुस्तक झारखंड की प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों के लिए समर्पित है। इस किताब को सरल एवं सटीक बनाने की भरपूर कोशिश की गयी है, ताकि विद्यार्थी आसानी से समझ सकें।

पांच मॉडल सेट्स के साथ विगत वर्षों के हल प्रश्न पत्र को भी शामिल किया गया है। कार्यक्रम में झारखंडी भाषा संघर्ष समिति के संस्थापक सदस्य राजेश ओझा ने कहा कि मुझे विश्वास है कि कठिन परिश्रम से तैयार यह पुस्तक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी।

खोरठा अभिनेता अमन राठौर ने कहा कि मनोरंजन दास की पुस्तक विद्यार्थियों के लिए बेहद लाभदायक सिद्ध होगी। पुस्तक लोकार्पण समारोह में समाजसेवी राजीव तिवारी, बाबूनाथ महतो,  बसंत महतो, परितोष महतो,  दिनेश महतो, संतोष महतो आदि शामिल रहे।