रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार एक्शन में है। दागी और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी और अंचल अधिकारी चक्रधरपुर बाल किशोर महतो के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।
राज्य सरकार ने उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार को जांच संचालन पदाधिकारी के पद पर नियुक्त किया है। उनके खिलाफ अवैध तरीके से नामांतरण करने एवं भूमि सुधार न्यायालय, चक्रधरपुर द्वारा पारित आदेश का अनुपालन नहीं करने का आरोप है।
पूरे मामले पर चाईबासा के डीसी ने 7 फरवरी 2023 को प्रपत्र “क” गठित कर कार्रवाई की अनुशंसा की थी। इसके बाद इसकी जांच की गयी। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाया गया। अब सरकार ने विभागीय कार्रवाई का निर्णय लिया है। पदाधिकारी को 15 दिनों में जवाब देने को कहा गया है।


