Jharkhand: पलामू में बीएसएफ जवान ने की पूर्व मुखिया की हत्या, चार घायल, एक की हालत नाजुक

झारखंड अपराध
Spread the love

पलामू। झारखंड के पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र की कजरी पंचायत के गोल्हना गांव में एक बीएसएफ के जवान ने पूर्व मुखिया दंपती व उनके परिवार पर तलवार से अचानक हमला कर दिया। इस घटना में कजरी के पूर्व मुखिया सत्यदेव तिवारी की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सोनमति देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं।

हमले में पूर्व मुखिया की भवह रागिनी देवी और सुनील तिवारी भी जख्मी हुए हैं। पूर्व मुखिया सोनमति व अन्य जख्मी को बेहतर इलाज के लिए एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया है। सोनमति देवी की स्थिति गंभीर बताई गई है। घटना के बाद से आरोपी बीएसएफ जवान रूपेश तिवारी उर्फ उनील फरार है।

बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर करीब दो बजे अचानक बीएसएफ जवान रूपेश पूर्व मुखिया के घर में घुस आया और तलवार से हमला बोल दिया। सामने जो भी आया, उस पर वार करता गया। पूर्व मुखिया सत्यदेव तिवारी पर कई बार वार करने के कारण वे गंभीर हो गए। इसी क्रम में उनकी पत्नी सोनमति पर भी तलवार से वार किया। सिर के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों को बुरी तरह से जख्मी कर दिया।

बीएसएफ जवान ने पूर्व मुखिया की भवह रागिनी पर भी हमला बोला और उसे भी जख्मी कर दिया। इसी क्रम में सुनील तिवारी पर भी वार किया। बीएसएफ जवान जिस तरह से हमला कर रहा था, उससे लग रहा था कि उसके सिर पर खून सवार है। पूर्व मुखिया सत्यदेव के जो भी रिश्तेदार मिले, उसको उसने टारगेट किया।

घटना के बाद किसी तरह आनन फानन में स्थानीय लोगों ने पूर्व मुखिया उनकी पत्नी व अन्य को इलाज के लिए एमआरएमसीएच में लाया। हालांकि रास्ते में ही पूर्व मुखिया सत्यदेव की मौत हो गई थी। एमआरएमसीएच में उन्हें मृत घोषित किया गया। अस्पताल में कई घंटे तक चीख पुकार मची रही। परिजनों के रोने बिलखने से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया है।

सूचना मिलने पर पड़वा पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना के पीछे जमीन विवाद सामने आ रहा है। इधर सूचना मिली है कि घटना के क्रम में आरोपी बीएसएफ जवान ने पूर्व मुखिया का घर भी जलाने का प्रयास किया।