पटना। इस समय बड़ी खबर बिहार की राजधानी पटना से आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा मार्च पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। इसके साथ ही आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए हैं। बीजेपी कार्यकर्ताओं के ऊपर वाटर कैनन का भी प्रयोग किया गया है।
पटना के गांधी मैदान से विधानसभा की ओर बढ़ रहे मार्च को डाकबंगला चौराहे पर रोका गया और पुलिस ने भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को भी निशाने पर लिया। विधानसभा की ओर कूच करने के दौरान पुलिस ने जमकर लाठियां भांजीं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के ऊपर पुलिस वालों की तरफ से लाठीचार्ज किया गया। इस दौरान सिग्रीवाल खुद के सांसद होने की बात कहते रहे, लेकिन पुलिस वालों ने उन्हें भी अपना निशाना बनाया। इस मार्च के दौरान बिहार के नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा भी खड़े आए नजर आए। इनके ऊपर भी लाठियां चलाए जाने की खबरें निकल कर सामने आ रही हैं।
वहीं, भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी भी इस मार्च में थे और उन्हें भी हल्की चोट लगने की खबर है। इस मार्च में सुशील कुमार मोदी, राम कृपाल यादव जैसे कई वरिष्ठ नेता भी शामिल रहे।
आपको बता दें कि पटना के गांधी मैदान से बीजेपी का विधानसभा मार्च की योजना थी। इसके लिए प्रशासन से भी अनुमति ली गई थी। इसके लिए बड़ी संख्या में भाजपा के नेता और कार्यकर्ता नीतीश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
वहीं, भाजपा नेता डाक बंगला चौराहा जैसे ही पहुंचे पुलिस ने इन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी हुई और पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
बता दें कि पटना पुलिस ने इस मार्च को रोकने के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। पटना पुलिस के जवान चप्पे– चप्पे पर मौजूद हैं। विधान सभा के बाहर गेट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लगाई गयी है। विधानसभा में 6 मजिस्ट्रेट, 3 DSP, 2 सीटी SP तैनात किये गये हैं। इसके साथ ही 200 लाठी पार्टी, 50 से अधिक राइफलधारी और 50 महिला पुलिस सहित STF के जवान तैनात किए गए हैं।
दरअसल, भाजपा ने बिहार में रोजगार और शिक्षक भर्ती नियमावली को लेकर शिक्षकों के विरोध प्रदर्शनों को लेकर इस विधान सभा मार्च की घोषणा की थी। इसी क्रम में भारी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एकत्रित हुए थे। इस दौरान बीजेपी के वर्कर अपने निर्धारित रूट पर बढ़ रहे थे, लेकिन डाक बंगला चौराहे पर इन पर लाठी चार्ज कर दिया गया।