Bihar: बेगूसराय में बाइक सवार युवकों ने दुष्कर्म के आरोपी मो. अशरफ को मारी गोली, फिर… 

बिहार देश
Spread the love

बेगूसराय। बिहार में गिरती कानून व्यवस्था से अपराधी बेखौफ हो गए हैं। ताजा मामला बेगूसराय का है। रात मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने दुष्कर्म मामले के एक आरोपी को गोली मार दी। घटना नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के अझौर चौक के समीप की है।

गोली लगने से घायल तरैया गांव निवासी मो. मंसूर के पुत्र मो. अशरफ को पुलिस ने इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मो. अशरफ अपने भाई के साथ साइकिल से बुआ के यहां से घर लौट रहा था। इसी दौरान परना के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने उसे रोककर गोली मार दी।

घटना के दौरान बारिश होने लगी, जिससे साइकिल पर सवार उसके भाई ने भाग कर अपनी जान बचाई। इस दौरान अपराधियों ने तीन-चार राउंड गोली चलाई। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

घायल के परिजन ने गांव के ही तीन लोगों पर गोली मारने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार गोली से घायल मो. अशरफ नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपी है। मामला जुबेनाइल कोर्ट में चल रहा है तथा पटना हाईकोर्ट से बेल पर है। परिजन का कहना है कि उसी लड़की के रिश्तेदार के द्वारा गोली मारी गई है।

नीमा चांदपुरा थानाध्यक्ष ने बताया कि गोली मारने की सूचना मिलते ही तुरंत गश्ती टीम मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों के बयान के आधार पर सभी बिंदुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।