यहां महिला जेल में दंगा, 41 कैदियों की मौत, मचा हड़कंप

दुनिया
Spread the love

वाशिंगटन। बड़ी खबर मध्य अमेरिका से आ रही है। यहां होंडुरास की एक महिला जेल में मंगलवार को हुई हिंसा में कम से कम 41 महिलाओं की मौत हो गई। अवैध गतिविधियों को लेकर दो गिरोह के बीच हुई हिंसा में जलने से कैदियों की मौत हुई। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। होंडुरास की राष्ट्रीय पुलिस जांच एजेंसी के प्रवक्ता यूरी मोरा ने कहा कि अधिकांश पीड़ितों को जला दिया गया था, जबकि अन्य को गोली मार दी गई। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी और चाकूबाजी में घायल कम से कम सात महिला कैदियों का तेगुसिगाल्पा अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। देश की जेल प्रणाली की प्रमुख जुलिसा विलानुएवा ने कहा कि जेलों के अंदर अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए अधिकारियों द्वारा हाल ही में किए गए प्रयासों के कारण यह दंगा हुआ। उन्होंने कहा कि जेल में संगठित गिरोह के खिलाफ कदम उठाए जा रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि जेलों में सक्रिय गिरोह अपना व्यापक नियंत्रण रखते हैं। साथ ही कैदी अक्सर अपने स्वयं के नियम निर्धारित करते हैं और प्रतिबंधित सामान बेचते हैं। अमेरिका मीडिया के मुताबिक होंडुरास की राष्ट्रीय महिला जेल में लगभग 800 कैदियों रखा गया है, जो इसकी क्षमता से दोगुना है। 2020 में होंडुरास जेल में कई हिंसक घटनाएं हुई थीं।