गढ़वा : अनियंत्रित होकर सड़क से 20 फीट नीचे गिरी यात्री से भरी बस, कई घायल

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़दाग मोड़ के समीप सिंगरा बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह कांडी से गढ़वा जा रही थी। इस घटना में 30 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी को मझिआंव रेफरल अस्‍पताल में भर्ती कराया गया।

घटना बुधवार की सुबह करीब 6.15 बजे की है। सिंगरा बस (JH03AE 2219) सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। कांडी से गढ़वा जाने के क्रम में सड़क से 20 फीट नीचे खाई में जा पलटी। इस दौरान बस का चारों चक्का ऊपर हो गया था। सड़क से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय लोगों की मदद से उक्त वाहन की खिड़की को तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया।

इस दुर्घटना में 30 से अधिक सवारियों को घायल होने की बात बताई जा रही है, जिसमें डेढ़ दर्जन गंभीर रूप से घायल हैं। घटना की सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी योगेंद्र कुमार दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए एम्बुलेंस व सुरक्षित वाहनों द्वारा रेफरल अस्पताल मझिआंव भेजा गया।

घायलों में श्रीनगर के बेबी देवी, दारीदह नागेंद्र सिंह, हरिगावां लालमणि देवी, कांडी के रवि कुमार, सड़की के नीरज कुमार, घटहुआंं की पूनम देवी, चटनियां झुरवा जरही के मुखलाल साह, पोलडी प्राची सिंह, मयंक सिंह, आराध्य सिंह, सड़की के श्यामदेव, गढ़वा की शांति देवी, तेनार अनिता देवी, दुमरसोत सरस्वती देवी, सहिजना गढ़वा के शुभम पाल सहित अन्य भी नाम शामिल है। बस दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चालक घटनास्थल से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक शराब के नशे में था। वह कांडी से ही गाड़ी को तेज रफ्तार में चला रहा था। अंत में घोड़दाग मोड़ के समीप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पाकर उक्त गाड़ी पर सवार सवारियों के रिश्तेदार व परिजन पहुंचे। मौके पर लोगों की भीड़ थी।