
चाईबासा। झारखंड के चाईबासा के पूर्व विधायक पुत्कर हेम्ब्रम का निधन हो गया। उन्होंने इलाज के दौरान टाटा मेन हॉस्पिटल में 6 जून की देर रात अंतिम सांस ली। आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी सहित भाजपा के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।
जानकारी के मुताबिक पुत्कर पिछले दिनों अपने घर के बाथरूम में फिसलकर गिर गये थे। इस दौरान उन्हें सिर पर अंदरूनी चोट आई थी। उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उन्हें ब्रेन हेम्ब्रेज भी हो गया था।
वे भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर विधायक बने थे। राजनीति में आने से पहले टाटा कॉलेज में हो भाषा के प्रोफेसर थे। वे आरएसएस से जुड़े थे। उन्होंने किसानों की आवाज भी बुलंद की थी।
पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी ने ट्वीट कर कहा, ‘पूर्व विधायक पुत्कर हेम्ब्रम के निधन की खबर से मर्माहत हूं। कोल्हान क्षेत्र में उनके राजनैतिक एवं सामाजिक योगदान को हमेशा याद किया जायेगा। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि!’