केंद्र की उपलब्धि गिनाने पहुंचे MP बीडी राम का कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

राजनीति झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर पलामू सांसद (MP) बीडी राम विकास तीर्थ अभियान के तहत गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर में आयोजित जनसम्पर्क महाअभियान का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त विरोध किया। सांसद जब केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिना रहे थे, तब भाजपा नेता आनंद सिंह, शशांक शेखर, सुखाड़ी साव सहित कई कार्यकर्ताओं ने सांसद का विरोध किया। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि कांडी प्रखंड में दो बड़ी योजनाएं प्रगति पर है। फिर भी स्थानीय लोगों को काम नहीं मिल रहा है।

भाजपा नेता आनंद सिंह ने कहा कि श्रीनगर से बिहार के पाण्डुका तक लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से पुल और दारीदह गांव में पेयजल व सिंचाई के लिए 1,164 करोड़ रुपए की लागत से वाटर टैंक बन रहा है। इसमें स्थानीय लोगों को काम नहीं मिल रहा है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस प्रखंड और पंचायत में केंद्र सरकार की इतनी बड़ी योजना संचालित हो रही हो, वहां स्थानीय लोगों को काम नहीं मिले तो सरकार का गुणगान सुनने से क्या फायदा। नाराज कार्यकर्ताओं को समझाते हुए सांसद ने उच्चाधिकारियों से बात कर स्थानीय लोगों को प्राथमिकता के आधार पर काम दिलाने का आश्वासन दिया।

सांसद ने कहा कि जितना संभव हो पायेगा, स्थानीय लोगों के पक्ष में अधिकारि‍यों से बात की जाएगी। विदित हो कि झारखंड और बिहार की सीमा पर बसे कांडी प्रखंड मजदूर बहुल क्षेत्र है।

इस प्रखंड कि 70 प्रतिशत आबादी मजदूरी पर ही निर्भर है। घर परिवार के भरण-पोषण के लिए हर घर से कोई न कोई व्यक्ति बाहर मजदूरी करने जाता है। हर वर्ष हजारों युवा पलायन करते हैं। हर माह कोई न कोई काल के गाल में समा जाता है।