रांची। झारखंड (Jharkhand) के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों को Bilingual Parental Calendar दिया जाएगा। कैलेंडर की आपूर्ति का आदेश दिया जा चुका है। प्रखंडों में आपूर्ति होते ही एक सप्ताह के अंदर इसका विद्यालयवार वितरण सुनिश्चित करना है। इसका आदेश झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् की निदेशक किरण कुमारी पासी ने जारी किया है। इसकी जानकारी सभी जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक को दी है।
आदेश में कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में राज्य स्तर से Bilingual Parental Calendar के मुद्रण का कार्यादेश निर्गत है। एफएलएन के अंतर्गत कक्षा 1 से 8 वर्ग के विद्यार्थियों को यह Bilingual Parental Calendar (द्विभाषी अभिभावक कैलेंडर) बांटा जाना है। इस कैलेंडर को विद्यार्थी अपने घर ले जा सकेंगे। इसका उपयोग घर पर ही अभिभावकों के साथ किया जा सकेगा।
निदेशक ने कहा है कि राज्य स्तर से शीघ्र ही शिक्षकों को कैलेंडर के उपयोग पर वेबिनार के माध्यम से प्रशिक्षित किया जायेगा। कैलेंडर की व्यवस्था राज्य की औसत उपस्थिति के आधार पर की गई है, जो कि 70 प्रतिशत है। इस कैलेंडर की आपूर्ति मुद्रकों द्वारा प्रखंड स्तर पर की जा रही है।
प्रखंड कार्यालय द्वारा कक्षा 1 से 8 के सभी विद्यालयों में औसत उपस्थिति के आधार पर नामांकन के विरुद्ध 70 प्रतिशत को आधार बनाते हुए की जाये। प्रखंडों में आपूर्ति होते ही एक सप्ताह के अंदर विद्यालयवार वितरण सुनिश्चित की जाये।
जिलावार आवंटित कार्य
मेसर्स श्री सोमनाथ ऑफसेट (गुजरात) : बोकारो, चतरा, धनबाद, गढ़वा, गिरिडीह, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, पलामू, रामगढ़ एवं जामताड़ा।
मेसर्स स्वपना प्रीटिंग वर्क प्रा.लि (कोलकाता) : गुमला, बुटी, लोहरदगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूग, रांची, सरायकेला-खरसावां, सिमडेगा एवं पाकुड़
मेसर्स नेशनल प्रिंटर्स (रांची) : देवघर, दुमका, गोड्डा एवं साहिबगंज