बीएयू के वानिकी संकाय में मनाया गया विश्व वानिकी दिवस

झारखंड
Spread the love

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय अधीन संचालित वानिकी संकाय में 21 मार्च को को विश्व वानिकी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर संकाय परिसर में शिक्षक, यूजी, पीजी एवं पीएचडी छात्र-छात्रा और कर्मचारियों ने कैननबॉल (कौरौपिटा गुआनेंसिस) के पौधे लगाए। प्रभारी डीन (वानिकी) डॉ शैलेश चट्टोपाध्याय के नेतृत्व में यह कार्यक्रम हुआ।

मौके पर प्रभारी डीन (वानिकी) ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने वर्ष 2012 में 21 मार्च को विश्व वानिकी दिवस घोषित कि‍या था। इसे मनाए जाने का मुख्य उद्देश्य वैश्विक स्तर पर विभिन्न देशों को वनों के महत्व को समझाना, इसके महत्‍व के प्रति लोगों को जागरूक करना और वनों के संरक्षण के लिए समाज को प्रेरित करते हुए उनका योगदान हासिल करना और पौधरोपण को बढ़ावा देना है।

वर्ष 2023 में इसका थीम ‘वन और स्वास्थ्य‘ रखा गया है। प्रभारी डीन ने कहा कि पृथ्वी पर संतुलन बनाए रखने के लिए मानव, जीव-जंतुओं, पानी, मिट्टी और हवा के साथ-साथ वृक्ष और वनों का अहम योगदान और महत्व है।

मौके पर शिक्षकों में डॉ एके चक्रवर्ती, डॉ आरबी साह, डॉ पीआर उरांव और संकाय के छात्रों ने कोरोनाकाल में ऑक्सीजन की महत्ता और मानव जाति के अच्छे स्वास्थ्य के लिए धरती पर वनों के आवरण एवं वन प्रबंधन के संतुलन विषय पर अपने विचारों को साझा किया। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद डॉ जे केरकेट्टा ने किया।