बीएयू में धूमधाम से मनाया गया सरहुल पूजा और महोत्सव

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

  • प्रकृति पर्व सरहुल का कृषि से अटूट संबंध : समरीलाल

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय प्रांगण स्थित सरना स्थल में शुक्रवार को पारंपरिक रीति-रिवाज से सरना धर्मावलंबियों ने पूजा की। स्थानीय पाहन प्रकाश मुंडा ने पारंपरिक विधि-विधान से मिट्टी का घड़ा भरा। शाल वृक्ष की पूजा की। लाल, सफेद और कुर्थिया रंग के मुर्गे की बलि दी। सूर्य एवं ग्राम देवता की आराधना और सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। प्रसाद स्वरूप हड़ि‍या अर्पित किया।

प्रतिनिधि के रूप में पूजा अर्चना की

मौके पर कांके विधायक समरीलाल, कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह, कुलसचिव डॉ नरेंद्र कुदादा, निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ जगरनाथ उरांव एवं डीन एग्रीकल्चर डॉ डीके शाही ने सरना स्थल पर 5 प्रतिनिधि के रूप में पूजा अर्चना की। कार्यक्रम का संचालन डॉ बसंत चन्द्र उरांव, प्रो अरुण पूरण एवं कमल महली ने किया।

मौके पर विवि के निदेशक अनुसंधान डॉ पीके सिंह, निदेशक सीड एंड फार्म डॉ एस कर्माकार, डॉ आरपी मांझी, डॉ पीआर उरांव, वैज्ञानिक, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी तादाद में छात्र-छात्राएं मौजूद थे। इससे पहले सरहुल पर्व के सम्मानित आगंतुकों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण की।

सरहुल महोत्सव का आयोजन

पूजा के बाद बीएयू सरहुल पूजा समिति ने कृषि संकाय स्थित आरएसी ऑडिटोरियम में सरहुल महोत्सव का आयोजन किया। इस दौरान कृषि, पशुचिकित्सा, वानिकी एवं कृषि अभियंत्रण महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सरहुल आगमन के स्वागत गीतों तथा छोटानागपुरी लोक गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति से लोगों को मुग्ध किया। इनके प्रस्तुति छात्र-छात्राओं ने उल्लास, उमंग एवं जोश के साथ ऑडिटोरियम में ढोल-नगाड़े के साथ नाच- गान किया अपने भाषण में कृषि स्नातक छात्रा भाब्या सिंह ने सरहुल पर्व को परंपरा, संस्कृति, जीवन से जुड़ी प्रकृति पर्व बताया।

सरहुल का कृषि से अटूट संबंध

मुख्य अतिथि कांके विधायक समरीलाल ने कहा कि प्रकृति पर्व सरहुल का कृषि से अटूट संबंध है। अपनी शिक्षा, शोध और अनुसंधान से प्रकृति के धरोहर को बनाने, सजाने, संवारने और निखारने की भावी जिम्मेदारी कृषि विश्वविद्यालय के छात्रों की है। बीएयू के हाल की उपलब्धियों पर उन्होंने कहा कि बीएयू के मान एवं सम्मान से कांके विधान सभा क्षेत्र का गौरव बढ़ता है।

पेड़ लगाने का प्रण लेना होगा

अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह ने कहा कि वैश्विक रूप से जलवायु परिवर्तन की वजह से हमारी प्रकृति पर बुरा प्रभाव पड़ा है। हम प्रकृति के संसाधन का उपयोग तो करते है, लेकिन प्रकृति की रक्षा एवं संरक्षण के प्रति शिथिल है। सरहुल पर्व प्रकृति की पूजा करने का एक महान अवसर है। इस प्रकृति पूजा के इस अद्भुत अवसर सभी को आगामी खरीफ/बरसात के मौसम में न्यूनतम एक पेड़ लगाने का प्रण लेना होगा।

सरहुल पर्व की महत्ता बताई

डीन एग्रीकल्चर डॉ डीके शाही एवं कुलसचिव डॉ नरेंद्र कुदादा ने भी सरहुल पर्व की महत्ता पर अपने विचार व्यक्त किये। समिति सचिव डॉ बसंत चन्द्र उरांव ने स्वागत किया। धन्यवाद डॉ आरपी मांझी ने दिया। मौके पर डॉ एमएस मल्लिक, डॉ जगरनाथ उरांव, डॉ पीके सिंह, डॉ एस कर्माकार, डॉ एमके गुप्ता, ई डीके रुसिया, डॉ अरुण पूरण, डॉ पीआर उरांव, डॉ जे केरकेट्टा, डॉ प्रमोद राय, एचएन दास सहित भारी संख्या में शिक्षक, वैज्ञानिक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे।

  • खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं। आपका अपना न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, ट्वि‍टर सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं।