Jharkhand : मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी 18 रुपए बढ़ी, 1 अप्रैल से मिलेगी इतनी

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

Jharkhand : रांची। झारखंड में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) श्रमिकों की 1 अप्रैल, 2023 से 18 रुपए बढ़ा दी गई है। अब उन्‍हें प्रतिदिन 228 रुपए मजदूरी मिलेगी। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा मनरेगा के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए राज्यवार प्रतिदिन मजदूरी की दर का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया गया है।

मनरेगा के तहत काम करने वाले अकुशल हस्त कर्मकारों के लिए झारखंड के लिए 228 रूपए प्रतिदिन की मजदूरी तय की गई है। यह नई दर 1 अप्रैल 2023 से प्रभावी होगी। केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा चालू वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 210 रुपए मजदूरी दर निर्धारित थी। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए इसमें 18 रुपए की बढ़ोतरी की गई है।

बता दें कि झारखंड अभी केन्द्रांश के 210 रुपये और राज्य मद से 27 रुपये अलग से दे रहा है। यानी अभी 237 रुपये मिलते हैं।

भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रति मानव दिवस मजदूरी 228 रुपए और राज्य योजना मद से 27 रुपए झारखंड सरकार वहन करेगी। झारखंड में मनरेगा श्रमिकों को कुल मिलाकर 255 रुपए का भुगतान किया जाएगा।