काम करने गए बोकारो के प्रवासी मजदूर की कोल्हापुर में मौत, घर में मातम

झारखंड
Spread the love

बोकारो। काम करने गए झारखंड के बोकारो जिले के प्रवासी मजदूर की मौत कोल्‍हापुर में हो गई। वह बोकारो के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंक का रहने वाला था। उसकी मौत सोमवार को हुई। इस सूचना के बाद घर में मातम छा गया।

जानकारी के अनुसार बोकारो जिले के पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेंक निवासी इस्माइल अंसारी का 40 वर्षीय पुत्र अब्दुल कादिर कोल्हापुर काम करने गया था। इस दौरान गिरने से इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव वाले भी शोक में हैं। घटना के कारणों की अभी तक कोई पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है।

मृतक अब्दुल कादिर कोल्हापुर में बिल्डिंग लाइन में मजदूरी करता था। इस घटना पर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना व्‍यक्‍त की। कहा कि झारखंड के नौजवानों की मौत के मुंह में समा जाने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है।

अली ने कहा कि रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है। हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके से प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है। प्रवासी मजदूरों की सबसे ज्यादा तादाद गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले की है।

अपना घर छोड़कर परदेस गये इन मजदूरों की जिंदगी कष्ट में बीतती है। मौत के बाद भी उनकी रूह को चैन नसीब नहीं होता है। किसी की लाश हफ्ते भर बाद आती है, तो किसी का शव आने में 3 महीने भी लग जाते हैं। ऐसे में सरकार को रोजगार की ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मजदूरों का पलायन रोका जा सके।