पटना। सीएम नीतीश कुमार के बिहार में स्थिति भयावह हो गयी है। हत्या, दुष्कर्म, लूट, तस्करी और अब अपहरण राज्य में आम हो गयी है। सरकार है कि मोदी के खिलाफ तीसरा फ्रंट बनाने में व्यस्त है। राज्य संभलता नहीं और पीएम बनने का ख्वाब देखा जा रहा है। बता दें कि बिहार में अपरहण की चर्चा कभी जननामस के बीच उद्योग के रूप की जाती थी। एक बार फिर इसका सिलसिला तेज हो गया है।
पटना में शिक्षक के बेटे के अपहरण और 40 लाख फिरौती का मामला सलटा भी नहीं था कि मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों ने एक डॉक्टर के बेटे को उठा लिया। भरे बाजार में स्कॉर्पियो सवार बेखौफ अपराधियों ने उसे खींचकर गाड़ी में बैठा लिया और फरार हो गए।
मुजफ्फरपुर के कांटी चौक के समीप शुक्रवार को होमियोपैथ चिकित्सक एसपी सिंह के पुत्र का स्कॉर्पियो सवार अपराधियों ने अपहरण कर लिया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। युवक विवेक कुमार (26) अपने पिता की इकलौती संतान बताया गया है। उसकी शादी हो चुकी है। घटना की सूचना मिलने पर कांटी थानेदार संजय कुमार दलबल के साथ पहुंचे। इसके बाद डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे। डीएसपी ने विवेक के परिजनों से पूछताछ कर जानकारी ली है।
परिजनों ने पुलिस को बताया है कि कांटी चौक पर एक स्कॉर्पियो विवेक के पास आकर रुकी। स्कार्पियो सवार तीन चार अपराधी उतरे। सभी ने मिलकर विवेक को जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया। इसके बाद पानापुर करियात की ओर भाग निकले। पुलिस ने कांटी चौक स्थित दुकानों में लगे सीसीटीवी का फुटेज खंगाला। थानेदार ने बताया कि एक स्कार्पियो फुटेज में जाती दिखी है। पुलिस इसे अपहरण मान कर छानबीन कर रही है। हालांकि विवेक के बारे में जानकारी मिली है कि वह बीमार चल रहा है।
विवेक पैदल आ रहा था। इस बीच उसके अपहरण की बात सामने आ रही है। हालांकि इसका कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं है। स्कार्पियों के भागने की दिशा में भी पुलिस की टीम निकली है। घटना स्थल व अपराधियों के भागने की दिशा में पुलिस ने टावर डंप किया है। इसमें मिले कई नंबर की पड़ताल में पुलिस जुट गई है।
इधर, पुलिस सूत्रों की मानें, तो विवेक के परिजन फिरौती की रकम मांगने को लेकर कुछ भी सटीक जानकारी नहीं दे रहे हैं। घटना के बाद से उसके परिजन काफी परेशान हैं। डीएसपी पश्चिमी अभिषेक आनंद ने बताया कि कांटी थाना इलाके से डॉक्टर के पुत्र का अपहरण होने की आशंका है। पुलिस वैज्ञानिक तकनीक से भी जांच कर रही है।
पुलिस की टीम विवेक की सकुशल बरामदगी के लिए लगी हुई है। विवेक के परिजन उसकी सकुशल बरामदगी के लिए प्रशासन से गुहार लगाई है। डीएसपी अभिषेक आनंद ने कहा कि पुलिस की टीम अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है। डीएसपी ने जल्द इस केस की गुत्थी सुलझा लेने का दावा किया है।