सड़क दुर्घटना में बोकारो के प्रवासी मजदूर हरिशचंद की हैदराबाद में मौत

झारखंड
Spread the love

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले के मुंगो रंगामाटी के निवासी हरिशचंद्र महतो की हैदराबाद में शुक्रवार शाम को सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी। वह वहां त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था। मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

जानकारी के अनुसार पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंगो उमाशंकर महतो के 27 वर्षीय पुत्र हरिशचंद महतो की सड़क हादसे में मौत हो गयी। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों का हाल बेहाल है। गांव में भी शोक का माहौल हैं। मृतक वहां त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत था।

वह शुक्रवार शाम को वह गैस सिलेंडर भराने बाजार जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी। मृतक अपने पीछे पत्नी, पुत्र हिमांशु कुमार (5) और पुत्री नमीता कुमारी (3) को छोड़ गया।

इस घटना पर प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना प्रकट की। उन्‍होंने कहा कि इससे पहले भी कई प्रवासी मजदूरों की मौत हो चुकी है। रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। हर रोज दूसरे राज्यों या विदेश से प्रवासी मजदूरों की मौत की खबरें आ रही है।

सबसे ज्यादा तादाद बोकारो, गिरिडीह और हजारीबाग जिले से रोजी कमाने गये लोगों की है। अपना घर छोड़कर परदेस गये इन मजदूरों की जिंदगी तो कष्ट में बीतती ही है, मौत के बाद भी उनकी रूह को चैन नसीब नहीं होता है। किसी की लाश हफ्ते भर बाद आती है, तो किसी की आने में ढाई से तीन महीने भी लग जाते हैं।