इलाज के लिए अस्‍पताल पहुंचा आग से झुलसा युवक, लगा था ताला, एंबुलेंस भी खराब

झारखंड
Spread the love

विवेक चौबे

गढ़वा। आग से झुलसा युवक को इलाज के लिए कांडी स्थित प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र लाया गया। अस्‍पताल में ताला लगा था। एंबुलेंस भी खराब था। फिर किसी तरह एंबुलेंस की व्‍यवस्‍था कर उसे इलाज के लिए मझिआंव भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़की गांव में रविवार की सुबह महेंद्र चंद्रवंशी नामक युवक झुलस गया। महेंद्र बाहर जाने के लिए नाश्ता बना रहा था। इस क्रम में वह आग की चपेट में आ गया।

परिजनों द्वारा घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांडी लाया गया। अस्पताल में ताला बंद रहने के कारण उसका प्राथमिक उपचार नहीं हो सका। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि दिनेश कुमार पहुंचे। उन्‍होंने एंबुलेंस को फोन लगाया। हालांकि ख़राब होने की बात कहकर कांडी व मझिआंव से एंबुलेंस नहीं भेजा गया।

दिनेश कुमार के प्रयास से 2 घंटे बाद एंबुलेंस द्वारा घायल को मझिआंव अस्पताल भेजा गया है। दिनेश कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि कांडी प्रखंड के लोग भगवान भरोसे जी रहे हैं। यहां स्वास्थ्य व्‍यवस्‍था का हाल बेहाल है।

पूर्व उपायुक्त रमेश घोलप के कड़े निर्देश के बाद कुछ महीनों तक कांडी में डॉक्टरों ने ड्यूटी की। हालांकि उनका तबादला होते एक बार फिर अस्पताल की स्थिति जस की तस हो गई।

मौके पर पतरिया पंचायत मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार पासवान, पँचायत समिति सदस्य प्रिन्स ठाकुर, भूटाली मिस्त्री, पप्पू साह सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।