रांची। जगद्गुरु श्री कृपालु जी महाराज (प्रेम मंदिर, श्री वृंदावन धाम) के वरिष्ठ प्रचारक स्वामी मुकुंदानंद का आध्यात्मिक प्रवचन एवं मधुर संकीर्तन भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती पर आयोजित होगा। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल के पास स्थित चिल्ड्रन पार्क में यह कार्यक्रम 11 फरवरी से 15 फरवरी तक रोजाना शाम 6 बजे से 8 बजे तक आयोजित किया जाएगा। राधा गोविंद धाम रांची की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में स्वामी मुकुंदानंद का प्रवचन होगा।
स्वामी मुकुंदानंद अध्यात्म, योग एवं ध्यान के विश्वविख्यात शिक्षक हैं। वे सन्यासी हैं, जिन्होंने प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी दिल्ली और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट कोलकाता से शिक्षा प्राप्त की है। भारतीय इतिहास के पंचमूल जगदगुरू श्री कृपालुजी महाराज के वरिष्ठ प्रचारक हैं।
स्वामी जीवन प्रबंधन के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ हैं। वे जेके योग नामक विशिष्ट प्रणाली के संस्थापक हैं। अपने ज्ञानवर्धक प्रवचनों में वेदों, उपनिषदों, गीता, भागवत तथा अन्य भारतीय एवं पाश्चात्य प्रणालियों को व्यापक रूप से उद्धृत करते रहते हैं। पिछले चार दशक से स्वामी अपने ज्ञान के माध्यम से अमेरिका, सिंगापुर, हांगकांग, मलेशिया, नेपाल के साथ भारत के असंख्य लोगों का जीवन परिवर्तित कर चुके हैं। उनके सानिध्य में आकर लोग उनकी सरलता, सहायक प्रकृति एवं विनम्रता से प्रभावित हुए बिना नहीं रहते हैं।
लोगों का जीवन वास्तविक रूप से सफल हो, इस दिव्य लक्ष्य की तरफ स्वामी जी निरंतर अग्रसर हैं। उन्होंने कई ग्रंथ लिखे हैं। इसमें सेवन माइंड ऑफ सक्सेस, हैप्पीनेस एंड फुलफिलमेंट, द साइंस ऑफ माइंड मैनेजमेंट, सात डिवाइन लॉज अवेकन बेस्ट सेल्फ, द पावर ऑफ थॉट्स, गोल्डन रूल ऑफ़ लिविंग योर बेस्ट लाइफ और श्रीमद्भागवत गीता – द सन ऑफ द सॉन्ग ऑफ गॉड प्रमुख है।