पति और दो सौतेले बेटों को उतारा मौत के घाट, महिला ने लगाया ये संगीन इल्जाम

उत्तर प्रदेश देश
Spread the love

उत्तर प्रदेश। दिल दहला देने वाली खबर उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से आयी है। यहां पुलिस ने ट्रिपल मर्डर मामले का महज चंद घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार किया है। वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया। 

एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई ने प्रेस वार्ता के दौरान ट्रिपल मर्डर का खुलासा किया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी महिला नीलम और अवधेश गुप्ता दोनों की यह दूसरी शादी थी। अवधेश गुप्ता की पहली पत्नी से दो बेटे थे। जबकि महिला की एक 12 साल की बेटी है।

एसपी सिटी कृष्ण कुमार विश्नोई के मुताबिक प्रॉपर्टी को लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद हुआ करता था। इसके साथ ही महिला का कहना है कि पति अवधेश उसकी बेटी पर गंदी नजर रखता था‌। इन सब कारणों को लेकर महिला ने शनिवार देर रात धारदार हथियार से पहले पति की हत्या की और बाद में दूसरे कमरे में सो रहे दोनों सौतेले बेटों की हत्या की वारदात को अंजाम दे डाला।

बता दें कि सहजनवां थाना क्षेत्र के सहबाजगंज इलाके में देर रात पुलिस को ट्रिपल मर्डर की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब जांच पड़ताल शुरू की, तो पारिवारिक विवाद को लेकर ट्रिपल मर्डर किए जाने की बात सामने आई। ऐसे में  महिला को हिरासत में लेकर जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो मामले का खुलासा हुआ। फिलहाल पुलिस ने हत्यारोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

एसपी सिटी गोरखपुर कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि आरोपी महिला नीलम गुप्ता की एक साल पहले ही मृतक अवधेश से शादी की थी, दोनों की यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से महिला को एक बेटी थी।