कोविड को लेकर एयरपोर्ट, बस स्टैंड सहित अन्‍य जगहों पर होगी स्क्रीनिंग की व्यवस्था

झारखंड सेहत
Spread the love

  • डीडीसी ने संक्रमण की आशंका के मद्देनजर तैयारी को लेकर बैठक की
  • डीडीसी ने एंबुलेंस, ऑक्सीजन और बेड की उपलब्धता की ली जानकारी

रांची। कोविड-19 के संक्रमण की आशंका के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन अभी से ही तैयारियों में जुट गया है। उपायुक्त के निर्देश पर 23 दिसंबर, 2022 को उप विकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में इससे संबंधित तैयारी को लेकर बैठक हुई। बैठक में अपर समाहर्ता रांची, निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, सिविल सर्जन रांची, एसीएमओ, एमओआईसी पीएमएवाई कोऑर्डिनेटर एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में उप विकास आयुक्त द्वारा कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम एवं इलाज से संबंधित तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जो अनुभव मिले हैं, वह महत्वपूर्ण हैं

उप विकास आयुक्त ने उपस्थित पदाधिकारियों से कोविड-19 के पिछले फेज के दौरान की गई तैयारियों और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से कहा कि कोविड-19 संक्रमण के पिछले फेज में हमें जो अनुभव मिले हैं, वह काफी महत्वपूर्ण हैं। समय रहते सारी तैयारियां पूरी कर लेनी है, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया

कोविड-19 संक्रमण के बढ़ने की आशंका को देखते हुए एयरपोर्ट, बस स्टैंड इत्यादि जगहों पर स्क्रीनिंग की व्यवस्था की बात उप विकास आयुक्त ने कहीं। संबंधित पदाधिकारियों को उप विकास आयुक्त ने इस संबंध में तैयारी पूरी रखने का निर्देश दिया है।

एंबुलेंस और ऑक्सीजन की स्थिति जानी

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त श्री दिनेश कुमार यादव ने सदर अस्पताल सहित जिले में एंबुलेंस और ऑक्सीजन की उपलब्धता के संबंध में सिविल सर्जन से विस्तार से जानकारी ली। सिविल सर्जन द्वारा बताया गया कि जिले में पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस है। साथ ही सदर अस्पताल में ऑक्सीजन की भी पर्याप्त उपलब्धता है। सदर अस्पताल में पीएसए प्लांट, एलमोओ टैंक, जंबो सिलेंडर इत्यादि की विस्तार से जानकारी सिविल सर्जन दी। बताया कि पिछली लहर से ही अस्पताल में ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गयी है। उन्होंने बताया कि जिले में जितने भी प्राइमरी हेल्थ सेंटर और सीएचसी हैं, वहां भी ऑक्सीजन की पर्याप्त व्यवस्था है।

उप विकास आयुक्त ने इसके लिए मेंटेनेंस सर्विसिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेडिकल इक्विपमेंट्स भी पर्याप्त मात्रा में होनी चाहिए। रेगुलेटर, फ्लोमीटर इत्यादि की कमी नहीं होनी चाहिए। उप विकास आयुक्त द्वारा क्वारेंटाइन सेंटर और मैन पावर से संबंधित जानकारी भी ली गयी।

वैक्‍सीनेशन की जानकारी ली

उप विकास आयुक्त द्वारा जिले में चल रहे हैं वैक्सीनेशन कार्य के बारे में भी संबंधित पदाधिकारी से पूरी जानकारी ली गई। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के प्रति व्यापक प्रचार प्रसार करें। स्कूली बच्चों को स्कूलों के साथ समन्वय स्थापित कर वैक्सीनेट करने का निर्देश उप विकास आयुक्त द्वारा दिया गया।