सुखाड़ राहत योजना पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जारी, किसानों को मिलेंगे 3500 रुपये

झारखंड कृषि
Spread the love

  • अब तक राज्य में 17,50,814 लाभुकों ने कराया रजिस्ट्रेशन

रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्य के किसानों के आर्थिक स्वावलंबन के लिए कटिबद्ध हैं। सरकार सुखाड़ से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना पर लगातार प्रभावित किसानों के आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि जब तक राज्य के सुखाड़ से प्रभावित अंतिम कृषक को राहत योजना का लाभ नहीं मिल जाता है, तब तक मुख्यमंत्री सुखाड़ राहत योजना पोर्टल पर किसानों का निबंधन जारी रहेगा।

बादल ने कहा कि अब तक राज्य में 17लाख 50 हजार 814  लाभुकों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 9,13,410 ऐसे किसान हैं, जिन्होंने अब तक बुआई नहीं की है। इसके अलावा 6,69,007 किसान ऐसे हैं, जिनकी फसल क्षति 33 फीसदी से ज्यादा है।

राज्‍य के 1 लाख 68 हजार 397 भूमिहीन कृषक मजदूरों में पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराया है। सबसे ज्यादा पलामू, देवघर और गढ़वा के किसानों ने राहत के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।

मंत्री ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्राप्त आवेदनों के भूमि दस्तावेजों के सत्यापन में तेजी लाएं, ताकि राज्य के ज्यादा से ज्यादा किसानों को राहत पहुंचाई जा सके।