प्रशांत अंबष्ट
गोमिया (बोकारो)। प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। बोकारो जिले के गोमियां प्रखंड के एक मजदूर की मुंबई में शनिवार शाम को मौत हो गयी। मौत के कारण का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।
जानकारी के अनुसार मृतक चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत करी निवासी सोमर महतो का 45 वर्षीय पुत्र जगरनाथ महतो है। मौत की सूचना मिलते ही परिजन सकते में है। गांव में भी शोक हैं।घटना के कारण की अभी तक पूरी जानकारी नहीं मिल सकी है।
मृतक जगरनाथ महतो मुंबई में ट्रांसमिशन कंपनी में कार्यरत था।मृतक अपने पीछे मुस्कान कुमारी (22), भुनेश्वर कुमार (20), आरती कुमारी (17) और सुमन कुमार (15) को छोड़ गया।
इस घटना को लेकर प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि झारखंड के नौजवानों की मौत की यह पहली घटना नहीं है।इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। रोजी-रोटी की तलाश में परदेस गये प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत का सिलसिला जारी है।
अली ने कहा कि हर रोज झारखंड के किसी न किसी इलाके से प्रवासी मजदूर की दूसरे राज्यों या विदेश में मौत की खबरें आ रही है।
प्रवासी मजदूरों की सबसे ज्यादा तादाद गिरिडीह, हजारीबाग और बोकारो जिले की है। वे अपना घर छोड़कर परदेस में रोजी रोटी कमाने जाते हैं। इन मजदूरों की जिंदगी तो कष्ट में बीतती ही है, मौत के बाद भी उनकी रूह को चैन नसीब नहीं होता है।