jharkhand : रात के तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट संभव, शुरुआत इन जिलों से

झारखंड मौसम
Spread the love

रांची। झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हो गया है। अगले पांच दिनों के दौरान रात के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। यह जानकारी रांची मौसम केंद्र ने 14 दिसंबर को जारी बुलेटिन में दी है।

केंद्र के मुताबिक अगले 5 दिनों में रात के तापमान में धीरे-धीरे 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी। तापमान में गिरावट की शुरुआत राज्‍य के उत्तरी भाग से होगी। इसके बाद मध्‍य और दक्षिणी भागों में इसका असर दिखेगा।

राज्‍य के उत्तरी भाग में पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह और आसपास के इलाके आते हैं।

मध्‍य भाग में रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ जिले आते हैं। इसी तरह दक्षिण भाग में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां जिले आते हैं।

मौसम केंद्र के मुताबिक सुबह में खुले मैदानी व पानी, नदी के इलाकों में हल्‍का कोहरा देखने को मिल सकता है। बाद में आसमान साफ हो जाएगा। मौसम शुष्‍क रहेगा।

तापमान में गिरावट आने से लोगों की सेहत प्रभावित हो सकती है। ऐसे में उन्‍हें अपने स्‍वास्‍थ्‍य का ख्‍याल रखने की जरूरत है। वे गर्म पानी पीएं। परहेज करें। सर्दी से बचने का उपाय करें। खुद को गर्म कपड़ों से ढंके रहें। छोटे बच्‍चे और बूढों का खास ख्‍याल रखने की जरूरत है।