झारखंड हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन रिटायर, अपरेश कुमार सिंह बने कार्यवाहक सीजे

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन 19 दिसंबर को रिटायर हो गये। उन्‍हें अंतिम कार्य दिवस पर कोर्ट के जजों एवं अधिवक्ताओं ने विदाई दी। कोर्ट के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को कार्यवाहक चीफ जस्टिस बनाया गया है।

विदाई समारोह में चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन ने जज और अधिवक्ताओं के साथ अपने अनुभव भी साझा किए। इससे पहले चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन की अध्यक्षता वाली पांच जजों की स्पेशल बेंच में उन्होंने अशोक कुमार मिश्रा के सर्विस मैटर को सुना। इसके अलावा कुछ अन्य मामलों की भी उन्होंने सुनवाई की।

डॉ रंजन के रिटायर होने के बाद झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री अपरेश कुमार सिंह को कार्यवाहक मुख्‍य न्‍यायाधीश बनाया गया है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद 16 दिसंबर, 2022 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई थी।

अधिसूचना के मुताबिक राष्‍ट्रपति ने झारखंड उच्च न्यायालय के वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. रवि रंजन की सेवानिवृत्ति के बाद 20 दिसंबर, 2022 से झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के कर्तव्यों का पालन करने के लिए नियुक्त किया है।