राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर मंडराया कोरोना का खतरा, केंद्र ने जताई ये चिंता

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर कोरोना का खतरा मंडराने लगा है। वजह ये है कि चीन- अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में कोरोना के बढ़ते मामलों ने भारत को भी चिंतित कर दिया है।

इसी सिलसिले में आज (21 दिसंबर) को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया की अध्यक्षता में रिव्यू मीटिंग हो रही है। इसमें दूसरे देशों में कोविड की स्थिति को देखते हुए भारत के लिए क्या करने की जरूरत है, इस पर चर्चा होगी।

वहीं, जीनोम सीक्वेंसिंग करने के लिए पिछले दिनों दिशा-निर्देश जारी किए गए थे। इन सबके बीच राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा-Bharat Jodo Yatra पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

भारत जोड़ो यात्रा 21 दिसंबर की सुबह राजस्थान से हरियाणा में प्रवेश कर चुकी है। इस बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया का राहुल गांधी को लिखा लेटर सामने आया है।

20 दिसंबर को लिखे गए लेटर में केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी से कोरोना की मौजूदा स्थिति को देखते हुए संभव हो, तो भारत जोड़ो यात्रा कैंसल करने को कहा है। केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर उनकी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कोविड गाइडलाइन का पालन करने कहा है।

मंडाविया ने लिखा कि राजस्थान में चल रही भारत जोड़ो यात्रा में कोविड गाइडलाइन का सख्ती से पालन हो, मास्क और सेनिटाइजर का उपयोग कराया जाए। सरकार की इस अपील पर कांग्रेस ने जवाब दिया है कि भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार बौखला गई है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि क्या गुजरात चुनाव में पीएम मोदी मास्क पहने हुए थे?