BIHAR; उद्घाटन से पहले ही नदी में समा गया 14 करोड़ का पुल, जानें किसकी कंपनी ने कराया था निर्माण

बिहार देश
Spread the love

बेगूसराय। हैरान कर देने वाली खबर बिहार के बेगूसराय से आयी है, जहां गंडक नदी पर करीब 14 करोड़ रुपए की लागत से बना पुल उद्घाटन से पहले ही धाराशायी हो गया।

यानी ओपनिंग से पहले वो टूटकर नदी में समा गया। अब इस हादसे के बाद पुल का निर्माण कराने वाली कंपनी और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार पर सवाल उठ रहे हैं।

बता दें कि बेगूसराय में गंडक नदी पर बना यह पुल रविवार सुबह टूटकर पानी में समा गया है। 9 सालों से इस पुल का काम चल रहा था। इस पुल का अभी उद्घाटन भी नहीं हुआ था। इसे करीब 14 करोड़ की लागत से बनाया गया था।

इधर बेगूसराय के डीएम का कहना है कि इस पुल के गिरने से दो दिन पहले ही लोगों की इस पर आवाजाही को बंद कर दिया गया था। क्योंकि पुल में दरार दिख रही थी, जिसके बाद लोगों के इसके इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई थी। पुल की जांच के लिए शनिवार को इंजीनियर की विशेष टीम भी बुलाई गई थी। इसी दौरान यह गिर गया।

यहां बता दें कि 206 मीटर लंबे पुल का निर्माण मुख्यमंत्री नाबार्ड योजना के तहत कराया गया था। लंबे समय से उठ रही मांग के बाद साल 2012-13 में बिहार सरकार के समाज कल्याण मंत्री परवीन अमानुल्लाह की पहल पर बूढ़ी गंडक नदी पर इस पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। जिसका निर्माण कार्य 23 फरवरी 2016 को शुरू हुआ था। इसकी लागत में करीब 1343.32 लाख खर्च आया था, जो 22 अगस्त 2017 को बनकर तैयार हो गया था। लेकिन एप्रोच मार्ग का निर्माण के चलते इसे बंद कर दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, पुल बनाने का टेंडर बेगूसराय की ही एक कंस्ट्रक्शन कंपनी को दिया गया था। बताया जा रहा है कि बेगूसराय के मां भगवती कंस्ट्रक्शन ने इस पुल का निर्माण कराया था। लेकिन अब इस कंपनी के साथ-साथ नीतीश सरकर भी सवालों के घेरे में आ गई है। पुल को लेकर लोग सवाल कर रहे हैं कि इसे बनाने के दौरान नियमों की अनदेखी की गई। लूट के कारण ये पुल भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।