विवेक चौबे
गढ़वा। जिले के कांडी प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार तिवारी की अध्यक्षता में प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें पंचायत मुखिया, शिक्षक व आंगनबाड़ी सेविका शामिल हुए। मौके पर सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना और छात्रवृति को लेकर कई दिशा निर्देश दिए गए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी सेविका से कहा कि अपने-अपने कार्य क्षेत्र अंतर्गत 3 से 6 दिसंबर तक विशेष कैंप का आयोजन कर सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना का आवेदन प्राप्त करें। इस योजना में वर्ग 8 से 12 तक में पढ़ने वाली बालिकाओं का शत प्रतिशत आवेदन जमा लेने का काम करें। मुखिया व शिक्षकों से कहा कि 18 से 19 वर्ष की लड़कियों का आवेदन कम आया है। इस पर सभी ध्यान देकर काम करें।
सरकोनी पंचायत मुखिया सुबोध कुमार वर्मा के आरोप पर बीडीओ ने सेमौरा केंद्र की सेविका कांति देवी के वेतन पर रोक लगा दिया। मुखिया ने सेमौरा आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका कांति देवी पर नियम के तहत व नियमित रूप से केंद संचालन नहीं करने की शिकायत की थी। कांति देवी अनुपस्थित थीं।
गाड़ाखुर्द पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज सिंह ने नारायणपुर आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका शारदा देवी के ऊपर भी नियमित रूप से केंद्र का संचालन नहीं करने का आरोप लगाया था। इसपर प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सेविका को हिदायत देते हुए नियमित रूप से केंद्र का संचलन करने को कहा। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि कांडी प्रखंड में अभी 17 आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण कार्य चल रहा है।
स्कूलों में पढ़ाई कर रहे बच्चों की छात्रवृति योजना की भी समीक्षा की गई। कल्याण पदाधिकारी शाहिद अंसारी ने उपस्थित शिक्षकों से कहा कि 15 दिसंबर तक सभी बच्चों के छात्रवृति के लिए ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। इसके लिए सभी प्रधानाध्यापक को यूजर आईडी व पासवर्ड उपलब्ध करा दिया गया है। वैसे बच्चों के आवेदन प्राप्त करना है, जिसके अभिभावक की वार्षिक आमदनी 2.5 लाख से अधिक नहीं हो।
जिन बच्चों का अपना बैंक खाता नहीं है, उनके माता पिता का बैंक खाता मान्य होगा। बैंक खाता से आधार लिंक जरूर होना चाहिए।
मौके पर मुखिया ललित बैठा, अनिता देवी, अमित दुबे, सुबोध कुमार वर्मा, मुखिया प्रतिनिधि लल्लू यादव, नीरज कुमार सिंह, रिंकू सिंह, शिक्षक सुनील कुमार, परमेन्द्र राम, अखिलेश राम, चंद्रिका राम, ब्रजेश पाण्डेय, सतीश कुमार पांडेय सहित कई लोग उपस्थित थे।