रांची। रांची विश्वविद्यालय की आईक्यूएसी और एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर जागरुकता रैली निकाली गई। संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। इसकी अध्यक्षता आरयू के डीएसडब्ल्यू डॉ जीएस झा ने की।
रैली बेसिक साइंस बिल्डिंग परिसर से शुरू हुई। इसे डॉ एसपी सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ जीएस झा, आरयू के वोकेशनल कोर्सेज की उपनिदेशक डॉ स्मृति सिंह, एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली बेसिक साइंस बिल्डिंग परिसर से निकल कर केंद्रीय पुस्तकालय, राजकीय अतिथिशाला, नीलाम्बर-पीताम्बर पार्क, ऑक्सीजन पार्क, मान्या पैलेस होते हुए केंद्रीय पुस्तकालय में समाप्त हुई। संगोष्ठी का आयोजन शहीद स्मृति भवन में किया गया।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता आरयू के राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉ एसपी सिंह ने कहा कि इस वर्ष यूएन की थीम ‘गरिमा, स्वतंत्रता एवं न्याय सबके लिए’ है। इसे वास्तविक रूप से साकार करना जरूरी है। 1931 से लेकर आजतक मानव राष्ट्रीय आयोग प्रत्येक इंसान के मानवाधिकार को सुरक्षित करता है।

डॉ सिंह ने कहा कि ऋगवेद में भी लिखा गया है ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे संतु निरामया’। यह हमें बताता है कि हम सुखी से जी पाए। जिनके भी मानवाधिकार का हनन होता है, उसे अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था द्वारा सुधारा जाना चाहिए। हर इंसान को अपने मानवाधिकार एवं दूसरों के मानवाधिकार को सुरक्षित रखते हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना चाहिए।
अध्यक्षीय संबोधन में डीएसडब्ल्यू डॉ जीएस झा ने कहा कि अधिकार और कर्त्तव्य एक दूसरे के पूरक हैं। इसमें संतुलन बनाकर चलने से समाज का कल्याण किया जा सकता है। उन्होंने मानवाधिकार का सही इस्तेमाल करने पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे सभी वर्गों को लाभ मिल सकता है।
वोकेशनल कोर्सेज उपनिदेशक डॉ स्मृति सिंह ने कहा कि मानवाधिकार का दुरुपयोग नहीं करते हुए इसे सकारात्मक रूप से लेनी चाहिए। मानवाधिकार के महत्व को समझते हुए इसकी अच्छाइयों को अपनाकर समाज मे जागरुकता करने की आवश्यकता है।
संगोष्ठी को आरयू के भौतिकी विभाग के अध्यक्ष डॉ संजय कुमार डे, डॉ अरुण कुमार पांडेय, डॉ राजकुमार सिंह, अनुभव चक्रवर्ती, डॉ विनोद कुमार ने भी सम्बोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस के कार्यक्रम समन्वयक डॉ ब्रजेश कुमार ने किया। धन्यवाद दिवाकर आनंद ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस के टीम लीडर्स क्रमशः सौरभ सोनी, अंशु कुमारी, रोहित राज, अनिल राजभर, आस्था कुमारी, अनिकेत कुमार, दीपक कुमार, कुमारी काजल गुप्ता, अमन कुमार, बॉबी कुमार, नीरज कुमार, गुड्डी कुमारी, अंकित कुमार का योगदान रहा।
संगोष्ठी का शुभारंभ एनएसएस के लक्ष्य गीत ‘उठे समाज के लिए उठें, जगे स्वराष्ट्र के लिए जागें। से किया गया। समापन राष्ट्रगान से हुआ।