पूर्ण चंद्र ग्रहण आज, झारखंड में यहां 10 मिनट तक दिखेगा

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

रांची। चंद्र ग्रहण आज है। यह झारखंड के साथ देश भर में देखा जाएगा। झारखंड में लोगों को चंद्रोदय के बाद ग्रहण दिखाई देगा। एक जिले में इसे 10 मिनट तक देखा जा सकेगा। यह जानकारी कोलकाता स्थित खगोल विज्ञान केंद्र के हवाले से रांची मौसम केंद्र ने दी है।

केंद्र के मुताबिक आज यानी 8 नवंबर को राज्य भर में चंद्र ग्रहण की स्थिति बनेगी। आंशिक चंद्र ग्रहण दोपहर 2.39 से शाम 6.19 तक रहेगा। इस बीच दोपहर 3.46 से शाम 05.12 तक पूर्ण चंद्र ग्रहण घटित होगा। राज्यवासियों को चंद्रोदय के बाद ही ग्रहण दिखाई देगा।

केंद्र के मुताबिक रांची में चंद्रोदय का समय शाम 5.03 से होगा। हजारीबाग में शाम यह समय शाम 5.02 बजे से है। पूर्ण चंद्र ग्रहण रांची में 9 मिनट तक और हजारीबाग में 10 मिनट तक देखा जा सकता है। इसके बाद आंशिक ग्रहण की स्थिति शाम 6.19 तक देखी जा सकती है।

केंद्र ने बताया कि चंद्र ग्रहण पूर्णिमा को घटित होता है। जब पृथ्वी, सूर्य और चंद्र के बीच आ जाता है और तीनों एक सीधी रेखा में स्थित होते हैं, तब चंद्र ग्रहण लगता है।