झारखंड चैंबर के संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बने प्रीतम गाड़ि‍या

झारखंड
Spread the love

दुमका। झारखंड चैंबर के वर्तमान सत्र 2022-23 के लिए संथाल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का पुनर्निर्वाचन 5 नवंबर को हुआ। इसमें दो प्रत्याशियों के बीच 18 मत पड़े। प्रीतम गाड़िया को 15 वोट और संजीत कुमार सिंह को 3 वोट मिले।

सर्वाधिक मत मिलने के आधार पर प्रीतम गाड़िया को संथाल परगना प्रमंडल का क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित करने की घोषणा चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा ने की। विदित हो कि 10 एवं 11 सितम्बर को रांची स्थित चैंबर भवन में संपन्न हुए चुनाव में संथाल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष का चुनाव अपरिहार्य कारणों से रद्द किया गया था।

दुमका जिले में सम्पन्न हुए मतदान के उपरांत अध्यक्ष किशोर मंत्री के नेतृत्व में झारखंड चैंबर के पदधारियों की बैठक दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, साहेबगंज, पाकुड़ एवं महागामा के व्यापारियों व सम्बद्ध संस्थाओं के साथ हुई।

सदस्यों द्वारा जिले के विकास हेतु जिले में पर्याप्त परिवहन सुविधा, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट समेत अन्य नागरिक सुविधाओं में अपेक्षित सुधार की आवश्यकता बताई गई। सदस्यों ने माइनिंग लीज के नियमों की जटिलता से भी अवगत कराया।

बैठक के दौरान यह भी बात सामने आई कि लॉकडाउन के आरम्भ से पाकुड़ से बंद की गई कई ट्रेनों का परिचालन अब तक आरम्भ नहीं किया गया है। इससे जिलेवासियों को आवागमन में कठिनाईयां हो रही हैं।

बैठक में अगरतल्ला राजधानी का परिचालन साहेबगंज से आरम्भ करने, मालदा रेल डिवीज़न में झारखण्ड चैम्बर के डीआरयूसीसी प्रतिनिधि को मनोनीत करने, जिले में खाद्य पदार्थो की जांच हेतु फूड टेस्टिंग मोबाइल वैन की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के मुद्दों पर भी प्रमुखता से चर्चा की गई।

किशोर मंत्री ने सभी मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई के लिए सदस्यों को आश्वास्त किया। उद्यमियों को पॉल्यूशन बोर्ड से सीटीओ मिलने में हो रहे विलम्ब पर भी उन्होंने बोर्ड से वार्ता की बात कही।

दुमका में झारखंड चैंबर की बैक टू बैक चली इस कार्रवाई में अगली बैठक दुमका उपायुक्त के साथ हुई। बैठक में चैम्बर अध्यक्ष ने स्थानीय समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की जिसपर उपायुक्त ने हरसंभव कार्रवाई के लिए आश्वास्त किया।

दुमका प्रवास के दौरान झारखंड चैंबर के उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव डॉ अभिषेक रामाधीन, चुनाव पदाधिकारी पवन शर्मा प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।