आज रांची आने का है प्‍लान, तो इन बातों का रखें ध्‍यान

झारखंड
Spread the love

रांची। आज यानी 19 नवंबर को रांची आने का आपका प्‍लान है तो कुछ बातों का ध्‍यान जरूर रखें। इसकी अनदेखी करने पर आपका प्‍लान चौपट हो सकता है। कीमती समय भी बर्बाद हो सकता है।

दरअसल, आज प्रदेश के प्राथमिक और मध्य विद्यालय के हजारों शिक्षक रांची आ रहे हैं। वे अपनी मांगों को लेकर मुख्‍यमंत्री आवास का घेराव करने वाले हैं। शिक्षक संघ के मुताबिक प्रातः 11 बजे रांची के मोरहाबादी मैदान में सभी जमा होंगे। वहां से 12 बजे रैली के रूप में कचहरी, राजभवन होते हुए मुख्यमंत्री आवास के पास जाएंगे।

शिक्षक संघ का दावा है कि इस घेराव में पूरे राज्‍य से 15 हजार से अधिक शिक्षक हिस्‍सा लेंगे। इस आंदोलन को कई अन्‍य शिक्षक संगठनों ने भी समर्थन दिया है।

शिक्षकों के मोरहाबादी मैदान से रैली निकालने पर बरियातू रोड, रेडियम रोड, कचहरी, सरकुलर रोड, जाकिर हुसैन पार्क, रातू रोड और आसपास की सड़कें घंटों जाम हो सकती है। इसका असर पूरी राजधानी पर देखने को मिलेगा।

हालांकि यह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है। इसके बाद भी इतनी बड़ी संख्‍या में अचानक शिक्षकों के रांची आ जाने से ट्रैफिक व्‍यवस्‍था के फेल होने की आशंका है। ऐसे में रांची आने से पहले इस स्थिति के बारे में जरूर सोच लें।