रेलवे के 80 हजार से अधिक पर्यवेक्षकीय संवर्ग के कर्मचारि‍यों को मिलेंगे लेवल 09 तक के ग्रेड पे

नई दिल्ली देश मुख्य समाचार
Spread the love

नई दिल्‍ली। रेल मंत्रालय ने कर्मचारी हित में एक बड़ा निर्णय लिया है। इससे भारतीय रेल में कार्यरत 80 हजार से अधिक पर्यवेक्षकीय संवर्ग कर्मचारियों को लेवल 09 तक के ग्रेड पे मिल सकेंगे। यह जानकारी नई दिल्ली में प्रेस को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दी।

अभी तक भारतीय रेल पर पर्यवेक्षकीय संवर्ग के कर्मचारियों को लेवल 07 तक का ग्रेड पे अनुमन्य था। रेल मंत्रालय के इस निर्णय से भारतीय रेल सहित पूर्व मध्य रेल पर कार्यरत तकनीकी एवं नॉन तकनीकी संवर्ग के पर्यवेक्षकीय कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।

इस निर्णय से कर्मचारियों को उन्नत वेतनमान मिलने पर वेतन में 2500 से 4000 रुपये तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

ज्ञातव्य है कि लेवल 09 से प्रथम श्रेणी अधिकारियों का ग्रेड पे प्रारम्भ होता है। पर्यवेक्षकीय संवर्ग में इंजीनियरिंग, सिगनल, विद्युत, यांत्रिक, भंडार विभाग के सीनियर सेक्सन इंजीनियर, स्टेशन मास्टर सहित विभिन्न विभागों के पर्यवेक्षकीय कर्मचारी सम्मिलित है, जिन्हें लेवल 09 तक के ग्रेड पे मिल सकेंगे।

कर्मचारी हित में लिये गये इस निर्णय से बड़ी संख्या में पर्यवेक्षकीय कर्मचारी लाभावन्वित होंगे, जिससे पूर्व मध्य रेल में चल रहे आधारभूत संरचना के कार्यों जैसे-विद्युतीकरण, दोहरीकरण, आमान परिवर्तन के साथ ही नई लाइन निर्माण के कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने मदद मिलेगी।