- बिरसा जयंती समारोह के अवसर पर कई स्पर्धाओं का आयोजन
रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में बिरसा जयंती समारोह के अवसर पर सोमवार को कई स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें रांची कृषि महाविद्यालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय, वानिकी महाविद्यालय, कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय और बागवानी महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
पशु चिकित्सा संकाय के सेमिनार हॉल में बिरसा भगवान के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं मिशन पर आयोजित वक्तृत्व कला प्रतियोगिता में छात्राओं का बोलबाला रहा। तीन सर्वोत्तम परफार्मर सातवें सेमेस्टर की छात्राएं ही रहीं। बागवानी महाविद्यालय की विशालाक्षी चौबे ने प्रथम, वानिकी संकाय की साक्षी ने द्वितीय और कृषि महाविद्यालय की अपराजिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
तीनों ने अंग्रेजी में अपने विचार रखते हुए बिरसा भगवान के व्यक्तित्व एवं योगदान के कई अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डाला। एक वक्ता के लिए 4 मिनट का समय निर्धारित था। पशु चिकित्सा संकाय के प्रथम वर्ष के छात्र निहाल श्रीवास्तव को सांत्वना पुरस्कार मिला। इसमें 21 छात्र-छात्राओं ने भागीदारी की। इस स्पर्धा की निर्णायक समिति में डॉ एमएस मलिक, डॉ एमके गुप्ता, डॉ जगरनाथ उरांव, डॉ आलोक कुमार पांडेय, डॉ प्रभाकर महापात्र और डॉ आरपी मांझी शामिल थे।
रांची कृषि महाविद्यालय क्रीड़ांगन में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता में 71 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रा वर्ग में कृषि संकाय की एमएससी प्रथम सेमेस्टर की छात्रा रोजी खातून और बीएससी कृषि की चौथे सेमेस्टर की छात्रा नीलम कुमारी संयुक्त रूप से स्थान पर रहीं। बीएससी कृषि की द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा इशा श्रीवास्तव ने दूसरा एवं कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय की चौथे सेमेस्टर की छात्रा मनीषा तिर्की ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
छात्रों के वर्ग में कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के द्वितीय सेमेस्टर के छात्र मोहम्मद कैफ ने प्रथम, कृषि महाविद्यालय के बीएससी चौथे सेमेस्टर के छात्र बिहारीलाल महतो ने द्वितीय और रांची पशुचिकित्सा महाविद्यालय के सागर हांसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कृषि अभियंत्रण महाविद्यालय के आयुष कुमार सिंह और पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अभिषेक कुमार सिंह को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
तीरंदाजी प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में कृषि संकाय के शिक्षक डॉ नीरज कुमार एवं डॉ शशि किरण तिर्की तथा वानिकी संकाय के शिक्षक डॉ बसंत चंद्र उरांव थे।
क्षेत्रीय एकल गीत, एकल नृत्य, समूह गीत एवं समूह नृत्य प्रतियोगिताओं का आयोजन रांची कृषि महाविद्यालय प्रेक्षागृह में किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा।
मंगलवार को विश्वविद्यालय परिसर में सुबह 8 बजे प्रभात फेरी एवं बिरसा भगवान के जीवन पर आधारित झांकी निकलेगी। आरएसी प्रेक्षागृह में मुख्य कार्यक्रम होगा।