सोन नदी पर पुल का शिलान्‍यास, घटेगी बिहार और झारखंड के बीच दूरी

नई दिल्ली देश
Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार के रोहतास में सोन नदी पर पंडुका के पास बनने वाले एलिवेटेड आरसीसी पुल का शिलान्यास 14 नवंबर को किया। इसके बन जाने से बिहार और झारखंड के बीच यातायात सुगम होगा।

पुल 1.5 किलोमीटर लंबा 2-लेन का होगा। इसके निर्माण पर 210 करोड़ रुपये की लागत आने की संभावना है। इस पुल का शिलान्यास बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, बिहार भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल, सांसद छेदी पासवान, विष्णु दयाल राम, बिहार सरकार के मंत्री, सांसदों एवं विधायक और अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया।

इस अवसर पर गडकरी ने कहा कि इस पुल के निर्माण से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 और राष्ट्रीय राजमार्ग- 39 सीधे जुड़ जाएंगे। पुल के बनने के बाद बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच यातायात का आवागमन सुगम बनेगा।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में रोहतास जिले के पंडुका और झारखंड के गढ़वा जिले से श्रीनगर पहुंचने के लिए 150 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। एलिवेटेड पुल बन जाने से इस यात्रा समय में करीब चार घंटे की बचत होगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब पुल की मदद से डेहरी पुल पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा। औरंगाबाद और सासाराम जैसे शहरों को जाम की समस्या से मुक्ति मिल सकेगी।

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने कहा कि पंडुका क्षेत्र में इस पुल के बनने से आस-पास के क्षेत्रों व राज्यों के औद्योगिक और कृषि और डेयरी उत्पादों के बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी। इससे समय और ईंधन की भी बचत होगी।