राष्ट्रीय लोक अदालत में 5 हजार से अधिक मामलों का निष्पादन

झारखंड
Spread the love

योगेश कुमार पांडेय

जमुआ (गिरि‍डीह)। राष्‍ट्रीय लोक अदालत में 5 हजार से अध‍िक मामलों का निष्पादन हुआ। इसमें करीब 6 करोड़ रुपये संबंधित पक्षकारों को और राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को मिला। मामलों के निष्‍पादन के लिए 12 पीठों का गठन किया गया था।

राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार की अध्यक्ष श्रीमती वीणा मिश्रा, प्रधान न्यायाधीश (कुटुंब न्यायालय) अरविंद कुमार पांडेय, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रथम गोपाल पांडेय, जिला अधिवक्ता संघ के अध्‍यक्ष श्रीप्रकाश सहाय,  सचिव चुन्नू कांत एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सौरव कुमार गौतम ने किया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती वीणा मिश्रा ने कहा कि झारखंड के सभी न्यायालयों में लंबित एवं प्री लिटिगेशन मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से किया जा रहा है। इस प्रकार के आयोजनों से पक्षकारों को त्वरित निष्पादन का लाभ मिलता है। न्यायालय का बोझ भी कम होता है।

प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय अरविंद कुमार पांडेय ने राष्ट्रीय लोक अदालत की महत्ता की जानकारी दी।

जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष प्रकाश सहाय एवं सचिव चुन्नू कांत ने लोगों से आह्वान किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर अपने मामलों का निष्पादन कराएं। समाज में सौहार्द एवं अमन का वातावरण बनाए रखें।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सौरव कुमार गौतम ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सभी अधिवक्ता एवं पक्षकार अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभा रहे हैं। यह लोक अदालत की महत्ता एवं जन-जन तक इसकी पहचान को प्रदर्शित करता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर 12 पीठों का गठन किया गया था। इसमें सभी पीठों के पीठासीन पदाधिकारियों ने मामलों को निष्पादित किया। उन्होंने बताया कि अदालत में प्री लिटिगेशन एवं लंबित 5061 मामलों का निष्पादन किया जा चुका था। इसमें 6 करोड़ 7 लाख  90 हजार रुपये संबंधित पक्षकारों को और राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को प्राप्त हुआ है।

कार्यक्रम का संचालन न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुश्री मेघा प्रियंका लकड़ा ने किया। कार्यक्रम में न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारी, सभी अधिवक्ता, गिरिडीह सदर के अनुमंडल पदाधिकारी विशाल दीप खलखो, उप समाहर्ता नजारत डॉ सुदेश कुमार, आरक्षी उपाधीक्षक मुख्यालय संजय राणा सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।